Live

BIG NEWS

दरभंगा में गोलीबारी की घटना में दो युवक घायल, 5 संदिग्ध हिरासत में

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

दरभंगा : बिहार के दरभंगा के सदर थाना क्षेत्र में एनएच-27 स्थित खर्तुआ बसैला हाईवे के पास बुधवार रात करीब 10 बजे गोलीबारी की घटना हुई. घटना में दो युवकों को गोली लगी जिससे दोनों घायल हो गए. घटना के बाद दोनों युवकों को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है. वहीं पुलिस मौके पर पहुंच कर घटना की जांच में जुट गई है.

बताया जा रहा है कि श्रवण मंडल और बजरंगी मंडल नामक युवक अपनी बहन के घर अरई-साढ़वारा गए थे और वहां से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान खर्तुआ हाईवे के पास दोनों को गोली मार दी गई. परिजनों का आरोप है कि गोली मारने के बाद दोनों की बाइक भी छीन ली गई. घटना की सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. इसके बाद एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी और मिथिला क्षेत्र के डीआईजी मनोज तिवारी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया. एफएसएल टीम को बुलाकर मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए.

पुलिस को शुरुआती जांच में आपसी विवाद और पैसे के लेनदेन को लेकर गोलीबारी की आशंका है. मामले में पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है.

पुलिस के अनुसार, घायलों में से एक पूर्व में मोबाइल छिनतई के मामले में सोनकी थाना से जेल जा चुका है. पुलिस इस आपराधिक इतिहास को भी जांच का हिस्सा बना रही है. फिलहाल गोली चलाने वाले आरोपियों की पहचान और घटना के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है.

दरभंगा से गिरीश कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें