BIHAR NEWS
CPI(M) ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ मसौढ़ी में मुख्य निर्वाचन आयुक्त का किया पुतला दहन
मसौढ़ी:निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन के तहत भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी)— माकपा, मसौढ़ी,पटना लोकल कमेटी द्वारा शुक्रवार को तरेगना रेलवे स्टेशन पर पुतला दहन किया गया.
पुतला दहन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता सूची की शुचिता, प्रत्येक नागरिक के मताधिकार और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की गारंटी अत्यंत महत्वपूर्ण है.
सीपीएम नेता मनोज कुमार चंद्रवंशी ने निर्वाचन आयोग की वर्तमान कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने की मांग की.
सभा में यह भी मांग की गई कि निर्वाचन आयोग के वर्तमान कार्यकाल में कराए गए जिन-जिन चुनावों की निष्पक्षता, मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर गंभीर आपत्तियां एवं विवाद सामने आए हैं, उनकी स्वतंत्र जांच कराई जाए और यदि प्रक्रिया में गंभीर अनियमितता प्रमाणित हो तो ऐसे चुनावों को रद्द कर पुनः स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराया जाए. गरीबों को भारी संख्या में मतदान देने से रोका गया, उन्हें मतदाता सूची से बाहर किया गया.
वक्ताओं नेSIR प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने, मतदाता सूची से गलत तरीके से बाहर किए गए सभी योग्य मतदाताओं के नाम बहाल करने तथा निर्वाचन आयोग की स्वतंत्र एवं लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने की भी मांग की.
वक्ताओं ने कहा कि चुनाव केवल सरकार बनाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों की अभिव्यक्ति हैं. इसलिए किसी भी स्तर पर मतदाता के अधिकारों और चुनाव की विश्वसनीयता से समझौता नहीं होना चाहिए.
कार्यक्रम में माकपा बिहार राज्य सचिव मंडल सदस्य मनोज कुमार चन्द्रवंशी, पटना जिला सचिव शिव कुमार विद्यार्थी, मसौढ़ी लोकल कमेटी के सचिव प्रो. सी.पी. मंडल, सुरेंद्र कुमार, सत्येंद्र प्रसाद, सुबोध कुमार, रामदयाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे.
कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया. पुतला दहन के बाद हुई सभा में उपस्थित लोगों ने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा, निष्पक्ष निर्वाचन व्यवस्था और मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की.
मसौढ़ी लोकल कमेटी, माकपा ने कहा कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए देशव्यापी आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट—
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।