Hindi News / 24वें दिन सीतामढ़ी के गांधी मैदान में महाआंदोलन, धरना के बाद डीएम को...

कांग्रेस सेवा दल ने सम्राट सरकार को घेरा : 24वें दिन सीतामढ़ी के गांधी मैदान में महाआंदोलन, धरना के बाद डीएम को सौंपा ज्ञापन

Edited By:  |
congress seva dal ne samrat sarkar ko ghera

सीतामढ़ी: बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के नेतृत्व में वित्त रहित शिक्षा नीति के विरोध में चल रहे राज्यव्यापी महाआंदोलन के 24वें दिन गुरुवार को शहर के गांधी मैदान में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया. धरना के बाद प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर शांतिपूर्ण पदयात्रा निकालते हुए जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और वित्त रहित शिक्षा नीति समाप्त करने,वित्त रहित विद्यालयों,इंटर कॉलेजों एवं संबद्ध डिग्री महाविद्यालयों का समायोजन करने तथा शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को नियमित वेतनमान,सेवा सुरक्षा,पेंशन,कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा एवं सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई.

धरना को संबोधित करते हुए बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रभारी प्राचार्य,रामलखन सिंह यादव कॉलेज,जहानाबाद,प्रो. (डॉ.) संजय यादव ने कहा कि चार दशकों से वित्त रहित शिक्षक सीमित संसाधनों में बिहार की शिक्षा व्यवस्था को संभाले हुए हैं,लेकिन आज भी उन्हें सम्मानजनक सेवा शर्तों से वंचित रखा गया है. उन्होंने कहा कि अब सरकार को वित्त रहित शिक्षा नीति समाप्त कर सभी वित्त रहित शिक्षण संस्थानों का समायोजन करते हुए शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने का निर्णय लेना चाहिए.

बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश प्रभारी मोहम्मद अफरोज ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति का नहीं,बल्कि बिहार के हजारों वित्त रहित शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के अधिकारों का आंदोलन है. उन्होंने कहा कि राज्य के सभी जिलों में आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है और सरकार को अब शिक्षकों की वर्षों पुरानी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए.

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश सेवा दल राष्ट्रीय प्रशिक्षक डॉ. राजीव कुमार काजू ने की,जबकि धरना का संचालन प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि मो. शम्स शाहनवाज ने किया और कहा कि सरकार आंदोलन से घबरा गई है इसी लिए डुमरा अम्बेडकर स्थल पर धरना की स्वीकृति नहीं दिया फिर भी धरना गाँधी मैदान में आयोजित हुई.

धरना को संबोधित करते हुए सेवा दल की महिला अध्यक्ष रुचि सिंह,पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रकटू प्रसाद,मो. अफाक खान,सीताराम झा,प्रो. रंजीत गुप्ता,आलोक सिंह राठौर,आफताब अंजुम बिहारी,ताराकान्त झा,विजय सिंह राठौर,डॉ. रोहन कुमार गुप्ता ने कहा कि वित्त रहित शिक्षण संस्थानों ने दशकों से बिहार की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. इसके बावजूद इन संस्थानों और यहां कार्यरत शिक्षकों की लगातार उपेक्षा की जा रही है. सरकार को अब विलंब किए बिना समायोजन और नियमित वेतनमान की दिशा में ठोस निर्णय लेना चाहिए. जब तक वित्त रहित शिक्षा नीति समाप्त नहीं होती और शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों पर सरकार निर्णय नहीं लेती,तब तक बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के नेतृत्व में यह राज्यव्यापी महाआंदोलन और अधिक व्यापक एवं प्रभावी रूप से जारी रहेगा और आगामी 24 तारीख को पटना में कफन यात्रा के रूप प्रथम चरण का अंत होगा.अध्यक्षता कर रहे कांग्रेस सेवा दल के राष्ट्रीय प्रशिक्षक डॉ. राजीव कुमार काजू ने कहा कि सरकार वित्तरहित कॉलेज को नजरअंदाज करUGCके नियमों को तार तार कर महज चार कमरों में कॉलेज खोल कर छात्रों के भविष्य व पी एच डी धारकों के साथ खिलवाड़ किया है और प्रध्यापकों की नियुक्ति में उम्र घटा कर छात्रों को छला है.

कार्यक्रम में विवेक कुमार झा, राजू कुमार, ऋतु ठाकुर, वीरेंद्र सिंह कुशवाहा, अमजद खान, पंकज कुमार, राम प्रवेश राय, गुप्तेश्वर चौबे, मुकेश कुमार, केशव भारद्वाज, चुन्नू झा, अहमद रज़ा खान सहित बड़ी संख्या में वित्त रहित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के पदाधिकारी, कांग्रेसजन एवं शिक्षा प्रेमी उपस्थित रहे. राष्ट्रीय गीत वन्देमातरम गा कर धरना की शुरुआत किया गया जबकि राष्ट्र गान ज़न गण मन गा कर धरना का समापन किया गया जबकि जिला कॉंग्रेस द्वारा प्रदेश सेवा दल के पदाधिकारियों को अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.