BIHAR NEWS
सीएम सम्राट ने बाढ़ प्रबंधन, कोसी में गाद प्रबंधन, नए बैराज, एक्सप्रेस-वे और सोलराइजेशन कार्य में तेजी के दिए निर्देश
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में गंगा,गंडक और कोसी नदी परियोजनाओं,बक्सर-भागलपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे,पीरपैंती तापीय विद्युत परियोजना और पीएम-कुसुम योजना की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में बाढ़ प्रबंधन,सड़क संपर्क और सौर ऊर्जा से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई.
कोसी नदी प्रणाली की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने दीर्घकालिक बाढ़ जोखिम न्यूनीकरण की रणनीति के तहत काम करने का निर्देश दिया. उन्होंने गाद प्रबंधन को प्राथमिकता देने और नए बैराज के निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा. कोसी के शुरुआती 100 किलोमीटर के डेंजर जोन में डबल शीट पायलिंग की आवश्यकता पर भी जोर दिया.
गंडक नदी से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए तटबंधों पर सोलर प्लांट लगाने की दिशा में काम करने का निर्देश दिया गया. मुख्यमंत्री ने गंगा,कोसी और गंडक के तटबंधों को मजबूत करने के साथ उनके किनारे फोरलेन सड़क निर्माण की दिशा में भी कार्य करने की बात कही.
सड़क निर्माण विभाग की समीक्षा में 348.196 किलोमीटर लंबे बक्सर-भागलपुर 6-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे की प्रगति पर चर्चा हुई. गंगा-अंबिका पथ,नारायणी पथ और विश्वामित्र पथ की भी समीक्षा की गई.
ऊर्जा विभाग की समीक्षा में 3x800 मेगावाट पीरपैंती तापीय विद्युत परियोजना और बांका तापीय विद्युत संयंत्र की प्रगति पर चर्चा हुई. पीएम-कुसुम योजना के तहत कृषि फीडरों के सोलराइजेशन में तेजी लाने और राजकीय नलकूपों को सौर ऊर्जा से संचालित करने का निर्देश मुख्यमंत्री ने दिया.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।