BIHAR NEWS
सीएम सम्राट चौधरी के आगमन को लेकर बोधगया में तैयारी तेज, डीएम-एसएसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
गया जी: बिहार में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को बोधगया के आईटीसी वेलकम होटल में उद्योग विभाग की ओर से एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे. इसमें बिहार के मंत्री,निवेशकों और कई देशों के राजदूतों के शामिल होने की संभावना है. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है.
शुक्रवार को गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर और एसएसपी सुशील कुमार ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने आयोजन की तैयारियों,सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया. संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए.
बिहार में बड़े औद्योगिक ऐलान की उम्मीद
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने बताया कि उद्योग विभाग की ओर से बिहार में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए निवेशकों के साथ यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. इसमें मुख्यमंत्री और मंत्री शामिल होंगे. साथ ही कई देशों के राजदूतों की भी भागीदारी रहेगी.
उन्होंने कहा कि बिहार में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं. डोभी क्षेत्र में अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक कॉरिडोर की मौजूदगी को देखते हुए इस क्षेत्र में उद्योगों के विकास की संभावनाएं महत्वपूर्ण हैं. कार्यक्रम के दौरान बिहार में औद्योगिक निवेश और विकास को लेकर बड़ी घोषणा होने की उम्मीद है.
एयरपोर्ट से होटल तक चाक-चौबंद रहेगी सुरक्षा
वहीं,एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी के आगमन को लेकर बोधगया में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. गया एयरपोर्ट से आईटीसी वेलकम होटल तक पुलिस बल की तैनाती रहेगी. संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है,जबकि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष निगरानी रखी जाएगी,ताकि कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बोधगया में प्रशासनिक गतिविधियां तेज है. अब सभी की नजरें उद्योग विभाग के इस कार्यक्रम पर टिकी हैं,जहां बिहार में निवेश और औद्योगिक विकास को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं होने की उम्मीद है.
बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।