CM नीतीश को सम्राट चौधरी की खुली चुनौती
कहा - मुख्यमंत्री को कुर्सी से हटाकर ही खोलेंगे पगड़ी, नहीं डरने वाली है बीजेपी
NEWS DESK :बिहार विधान परिषद में जोरदार हंगामे के बाद सदन की कार्यवाही दोपहर ढाई बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। कार्यवाही स्थगित होने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सभापति के बीच बात हो रही है। साथ ही सीएम नीतीश कुमार के साथ बिहार विधान परिषद में नेता विरोधी दल सम्राट चौधरी के बीच भी बात हुई है।
"जबतक हम आपको कुर्सी से नहीं हटाएंगे...."
सीएम नीतीश कुमार से हुई इस मुलाकात के बारे में सम्राट चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुझसे पूछा कि आपने मुरेठा क्यों बांधा है तो मैंने उन्हें स्पष्ट कहा कि आपको मुख्यमंत्री पद से हटाना है, इसका मैंने संकल्प लिया है। आपको जिस दिन मुख्यमंत्री पद से हटाऊंगा, उसी दिन मेरे माथे की पगड़ी खुलेगी और इसके लिए आपका भी आशीर्वाद चाहिए। इसके साथ ही सम्राट चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने संकल्प लिया है कि आपको मुख्यमंत्री पद से हटाकर ही दम लेंगे।
'डरने वाली नहीं है बीजेपी'
मीडिया से मुखातिब होते हुए सम्राट चौधरी ने ये भी कहा कि सरकार गुंडागर्दी कर रही है लेकिन फिर भी बीजेपी इससे डरने वाली नहीं है। विपक्ष के लोगों को डराने और धमकाने का काम हो रहा है। ये अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, कोई डरने वाला नहीं है। नीतीश बाबू जबतक आपको बिहार के मुख्यमंत्री के पद से नहीं हटाएंगे, तबतक ये भारतीय जनता पार्टी एक दिन भी बैठने वाली नहीं है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।