CM नीतीश की BJP से फिर बढ़ रही नजदीकियां?
सवाल सुनते ही मुस्कुराने लगे मुख्यमंत्री, कहा कुछ ऐसा कि सब रह गये हैरान
PATNA :आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर सभी सियासी दल अपनी गोटियां सेट करने की जुगत में लग गए है। हालांकि, इस बीच लोकसभा चुनाव के दिन नजदीक आते ही एकबार फिर नीतीश कुमार का बीजेपी और एनडीए से लगाव की ख़बरें सियासी गलियारों में खूब तैरने लगी है। चर्चा हो भी क्यों नहीं क्योंकि सोमवार को पटना में CM नीतीश कुमार जनसंघ के संस्थापक पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के मौके पर आयोजित समारोह में पहुंचे।
एनडीए से लगाव के सवाल पर मुस्कुराने लगे नीतीश
इस जयंती समारोह में पहुंचे सीएम नीतीश कुमार से जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या फिर से बीजेपी और एनडीए से उनकी नजदीकियां बढ़ रही हैं तो नीतीश कुमार ने तपाक से जवाब दिया और हंसते हुए इन सारी बातों से साफ इनकार कर दिया। सीएम नीतीश कुमार ने दो टूक अंदाज में कहा कि ये सब फालतू बातें हैं। छोड़िए न, क्या चर्चा चल रही है, इससे क्या लेना-देना है। विपक्ष को तो हमने एकजुट किया है, सब काम अच्छा हो रहा है।
CM ने बतायी सोमवार को कैबिनेट की मीटिंग बुलाने की वजह
इसके साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार की बजाए सोमवार को कैबिनेट की बैठक बुलाए जाने पर दो टूक बयान दिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्पेशल कैबिनेट मीटिंग की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि कैबिनेट की कोई विशेष बैठक नहीं है बल्कि डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव मंगलवार को बाहर जा रहे हैं लिहाजा आज यानी सोमवार को कैबिनेट की बैठक बुलायी गयी है। कैबिनेट की बैठक में तेजस्वी यादव का रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि ये कोई स्पेशल मीटिंग नहीं है बल्कि रूटीन बैठक है।
"अब कितना होगा कैबिनेट विस्तार?"
इस दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कैबिनेट विस्तार पर भी बयान दिया और कहा कि अब कितना विस्तार होगा और अब कितने मंत्री बनेंगे। नीतीश कुमार ने इशारों ही इशारों में कह दिया कि अब कैबिनेट विस्तार नहीं होगा।
नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का मिल सकता है दर्जा
फिलहाल सोमवार को होने वाली कैबिनेट मीटिंग को लेकर चर्चा इस बात की हो रही है कि कैबिनेट मीटिंग में नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा देने पर भी फैसला हो सकता है और सरकार जल्द इस मामले में बड़ा फैसला लेगी।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।