BIHAR NEWS
सीआईडी में भी ज्वेलर कारोबारियों के लिए बनेगा अलग सेल - डीजीपी विनय कुमार
पटना:कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) बिहार एवंAIJGF के तत्वावधान में मंगलवार को बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार की अध्यक्षता में पटना स्थित डीजीपी कार्यालय में स्वर्ण व्यवसायियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक मेंADG लॉ एंड ऑर्डर के.एस. अनुपम सहित बिहार के लगभग सभी जिलों से बड़ी संख्या में स्वर्ण व्यवसायी उपस्थित रहे.
बैठक में बिहार में स्वर्ण व्यवसायियों के साथ लगातार हो रही लूट, हत्या, रंगदारी, चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर गंभीरता से चर्चा हुई.
बैठक को संबोधित करते हुए डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि स्वर्ण व्यवसायियों के साथ हुई कई लूट की घटनाओं में पुलिस को सफलता मिली है. उन्होंने बताया कि ज्वेलर्स की सुरक्षा एवं उनसे संबंधित अपराधों के लिए पहले से एक अलग सेल बनाया गया है तथा अबCID में भी ज्वेलर कारोबारियों के साथ होने वाले अपराधों के लिए अलग सेल गठित किया जा रहा है, ताकि ऐसे मामलों की निगरानी एवं अनुसंधान को और प्रभावी बनाया जा सके तथा दोषियों को शीघ्र सजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई हो.
डीजीपी ने कहा कि थाना स्तर पर भी ज्वेलर्स की एक अलग पंजी होनी चाहिए, जिससे क्षेत्र के स्वर्ण व्यवसायियों की जानकारी पुलिस के पास उपलब्ध रहे. उन्होंने कहा कि यदि कोई ज्वेलर देर रात दुकान बंद कर अपने घर जाना चाहता है तो वह संबंधित थाना को इसकी सूचना दे सकता है. आवश्यकता होने पर पुलिस द्वारा उसे दुकान से घर तक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी.
उन्होंने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि हर तीन महीने में ज्वेलर्स एवं स्वर्ण व्यवसायियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं और सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं की समीक्षा की जाए. डीजीपी ने बैठक में व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.
वहींADG लॉ एंड ऑर्डर के.एस. अनुपम ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा के लिए बिहार पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने स्वर्ण व्यवसायियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कहा कि प्राप्त शिकायतों एवं मामलों का पुलिस स्तर पर उद्वेधन/समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि आज अपराधी तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं, इसलिए पुलिस भी आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक अनुसंधान के माध्यम से अपराधियों तक पहुंच रही है. उन्होंने बाजारों में पुलिस गश्ती को और प्रभावी बनाने की बात कही.
बैठक में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवंAIJGF के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा और प्रदेश उपाध्यक्ष बबल कश्यप ने व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा कि कई मामलों में केवल किसी व्यक्ति द्वारा चोरी या अन्य आरोप लगाए जाने के आधार पर पुलिस द्वारा व्यापारी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया जाता है, जो चिंता का विषय है. उन्होंने मांग की कि किसी व्यापारी की गिरफ्तारी से पहले मामले का उचित अनुसंधान और तथ्यों की जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्दोष व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.
बैठक में बिहार के लगभग सभी जिलों से आए स्वर्ण व्यवसायियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं, आपराधिक घटनाओं, लंबित मामलों तथा पुलिस-व्यापारी समन्वय से संबंधित विषयों को रखा. पुलिस अधिकारियों ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया.
बैठक में उपस्थित स्वर्ण व्यवसायियों ने डीजीपी विनय कुमार एवंADG लॉ एंड ऑर्डर के.एस. अनुपम द्वारा ज्वेलर्स की सुरक्षा को लेकर उठाए गए कदमों और अलग सेल गठित करने की पहल का स्वागत किया और इसे बिहार के स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया. बैठक में शिवकुमार स्पंदन, राजेश कुमार सोनी, रंजन कुमार सोनी, संजीव कुमार और पप्पू सर्राफ,देव कुमार, सुष्मिता कुमारी, सूरज कुमार वर्मा प्रिंस कुमार राजू, आनंद शाह,अमरजीत प्रसाद, दुर्गा प्रसाद जोहरी, राजेश्वर प्रसाद विकास कुमार, राजू जी, सिद्ध नाथ जी, प्रेम नाथ गुप्ता समित पूरे बिहार भर के सैकड़ो व्यापारी उपस्थित रहे.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।