BIHAR NEWS
छात्रों को समय पर मिले योजनाओं का लाभ, मंत्री रमा निषाद ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
पटना : पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रमा निषाद ने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और पात्र लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ मुहैया कराने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि खासतौर से जो योजनाएं विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण से जुड़ी हुईं हैं, उनके क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. छात्रों से जुड़ी योजनाओं के अनुपालन में हर तरह पर अधिकारी मुस्तैदी से निगरानी रखें. ताकि कोई जरूरतमंद छात्र वंचित नहीं रहे. मंत्री बुधवार को पटना स्थित जगजीवन राम संसदीय अध्ययन एवं राजनीतिक शोध संस्थान के सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रही थी.
उन्होंने जिला स्तर पर योजनाओं की नियमित मॉनीटरिंग और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया. छात्रावासों एवं आवासीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पेयजल, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने को कहा. निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को दूर करने के साथ छात्राओं के लिए सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण सुनिश्चित करने, भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया.
छात्रावासों की सुविधाओं की होगी नियमित निगरानी
इस दौरान जननायक कर्पूरी ठाकुर कल्याण छात्रावास एवं अन्य पिछड़ा वर्ग छात्रावासों में नामांकन,मेस संचालन,खाद्यान्न,सुरक्षा गार्ड,सफाई कर्मी,रसोइया और आरओ समेत अन्य सुविधाओं की समीक्षा की गई. वहीं अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2उच्च विद्यालयों में सीसीटीवी,शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति,पोक्सो एवं पोश समितियों,आपातकालीन वाहन,एएनएम/जीएनएम और एचपीवी वैक्सीनेशन की स्थिति की समीक्षा हुई.
करीब1.57करोड़ के डीसी विपत्रों के निष्पादन में तेजी
वित्तीय मामलों की समीक्षा में विभिन्न जिलों में करीब1.57करोड़ रुपये के डीसी विपत्र लंबित पाए गए. इनके समायोजन के लिए आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. गोपालगंज और लखीसराय में लंबित उपयोगिता प्रमाण-पत्रों का भी शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया. मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति एवं मेधावृत्ति योजनाओं के लाभुकों को समय पर राशि उपलब्ध कराने तथा विभाग एवं सहयोग पोर्टल पर प्राप्त परिवादों का ससमय निष्पादन करने पर भी जोर दिया गया.
जिला स्तर पर मजबूत होगी व्यवस्था
बैठक में जिला स्तर पर विभागीय व्यवस्था को और सुदृढ़ करने,स्पष्ट कार्य-विभाजन,अभिलेखों का पूर्ण प्रभार,नियमित निरीक्षण और बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई. अधिकारियों को वाहन उपलब्ध कराने के साथ डाटा इंट्री ऑपरेटर,आईटी कर्मी एवं अन्य आवश्यक मानव संसाधन की व्यवस्था की जा रही है.
मौके पर विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल ने कहा कि मंत्री के मार्गदर्शन में विभाग को सुदृढ़ किया जा रहा है. जिला कल्याण पदाधिकारियों को स्वतंत्र रूप से कार्य करने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन हो सके. उन्होंने आवासीय विद्यालयों एवं छात्रावासों की व्यवस्थाओं में सुधार और नियमित निरीक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा. बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी समेत अन्य वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।