Live

JHARKHAND NEWS

छात्रवृत्ति भुगतान की मांग को लेकर AISF ने राज्यपाल से की मुलाकात, कहा- छात्रों का भविष्य हो रहा प्रभावित

D
Deepak Kumarलेखक

रांची: झारखंड में छात्रवृत्ति भुगतान में हो रही देरी का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। वर्ष 2023 से कल्याण विभाग की ओर से छात्रों को छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं किए जाने के आरोप को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को रांची स्थित लोक भवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के समक्ष छात्रवृत्ति भुगतान का मामला उठाते हुए जल्द समाधान कराने की मांग की। राज्यपाल के साथ सकारात्मक बातचीत के बाद छात्र नेताओं ने मीडिया के सामने अपनी बातें रखीं।

मुलाकात के बाद छात्र नेता और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन के प्रदेश सह सचिव सह ई-कल्याण छात्रवृत्ति महा आंदोलन के नेतृत्वकर्ता अफजल दुर्रानी ने कहा कि झारखंड में वर्ष 2023 से अब तक बड़ी संख्या में छात्रों को छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं किया गया है। छात्रवृत्ति नहीं मिलने के कारण आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

5नवंबर को कल्याण विभाग का किया था घेराव
अफजल दुर्रानी ने बताया कि छात्रवृत्ति भुगतान की मांग को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन की ओर से गत 5 नवंबर को कल्याण विभाग का घेराव भी किया गया था। उस दौरान भी छात्रों की समस्याओं को उठाते हुए जल्द छात्रवृत्ति जारी करने की मांग की गई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन और लगातार मांग उठाए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है। छात्र नेता ने राज्य के कल्याण मंत्री चमरा लिंडा पर निशाना साधते हुए कहा कि मंत्री की ओर से केवल बयानबाजी की जा रही है, जबकि छात्र छात्रवृत्ति के इंतजार में परेशान हैं।

मुख्यमंत्री और कल्याण मंत्री से जवाबदेही की मांग
छात्र नेता अफजल दुर्रानी ने कहा कि छात्रवृत्ति जैसे गंभीर मुद्दे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से भी अब तक कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। उन्होंने सरकार से इस मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि यदि कल्याण मंत्री छात्रों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने में असमर्थ हैं तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। छात्रों के भविष्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय को सरकार को प्राथमिकता के आधार पर लेना चाहिए।

राज्यपाल ने सकारात्मक कदम उठाने का दिया आश्वासन
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के समक्ष छात्रवृत्ति भुगतान में देरी, विद्यार्थियों की परेशानियों और आंदोलन से जुड़ी मांगों को विस्तार से रखा। अफजल दुर्रानी के अनुसार, राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और इस मामले में सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया है। राज्यपाल से मुलाकात के बाद छात्र नेताओं ने उम्मीद जताई कि अब छात्रवृत्ति भुगतान के मुद्दे पर सरकार और संबंधित विभाग की ओर से जल्द पहल की जाएगी।

रांची से संदीप यादव की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें