Live

BREAKING NEWS

छठ पूजा को लेकर रांची पुलिस अलर्ट, 2 हजार से अधिक जवान होंगे तैनात; ड्रोन कैमरे से होगी निगरानी

D
Deepak Kumarलेखक

रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची पुलिस ने कमर कस ली है। छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रांची पुलिस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक एसपी समेत सभी डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। इसके तहत रांची के विभिन्न छठ घाटों पर करीब 2,000 से अधिक पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ड्रोन कैमरों के जरिए भी निगरानी रखी जाएगी।

छठ घाटों पर तैनात रहेंगे2हजार सुरक्षाकर्मी
छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न तालाबों, नदियों और डैमों पर अर्घ्य देने पहुंचते हैं। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष सुरक्षा इंतजाम किए हैं। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख छठ घाटों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि भीड़ नियंत्रण के साथ किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

ड्रोन कैमरे से होगी निगरानी,अपराधियों पर भी नजर
त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। वहीं, छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में परिवार अपने घरों को बंद कर गांव या दूसरे शहरों में चले जाते हैं। ऐसे में खाली घरों में चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए रांची पुलिस ने विशेष रणनीति बनाई है। सभी थाना प्रभारियों को आदतन चोरों और पुराने अपराधियों का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस ऐसे संदिग्ध अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखेगी, ताकि त्योहार के दौरान चोरी और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

बड़े तालाबों और डैमों परNDRFकी टीम रहेगी तैनात
छठ घाटों पर डूबने और अन्य दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए बड़े तालाबों और डैमों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए एनडीआरएफ की टीमों के साथ स्थानीय गोताखोरों की तैनाती भी की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

रांची पुलिस और जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि लोक आस्था के इस महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाए। इसके लिए पुलिस के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित विभागों को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।

रांची से नैयर की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें