BIHAR NEWS
छठ महापर्व को लेकर नगर आयुक्त ने बांकीपुर अंचल के सभी 18 घाटों का किया निरीक्षण
पटना : छठ महापर्व के लिए पटना नगर निगम द्वारा गंगा घाटों की सफाई, मरम्मत एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयारियों को तेज कर दिया गया है. इसी क्रम में गुरुवार को नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने पदाधिकारियों एवं अभियंताओं की टीम के साथ लगातार दूसरे दिन गंगा घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने घाटों की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए सफाई कार्य में तेजी लाने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए.
बांकीपुर अंचल के सभी 18 घाटों का निरीक्षण
नगर आयुक्त ने टीएन बनर्जी घाट,वंशीघाट,दरभंगा हाउस घाट,लॉ कॉलेज घाट,रौशन घाट,चौधरी टोला घाट सहित बांकीपुर अंचल के सभी 18 घाटों का निरीक्षण किया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सफाई,मरम्मत एवं अन्य आवश्यक कार्यों में आपसी समन्वय के साथ तेजी लाई जाए,ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पर्व के दौरान स्वच्छ,सुरक्षित और सुविधाजनक घाट उपलब्ध कराए जा सके.
बाढ़ से जमा गाद बनी चुनौती, सफाई कार्य में तेजी के निर्देश
इस वर्ष मानसून में आई बाढ़ के कारण पिछले वर्षों की तुलना में घाटों पर अधिक मात्रा में गाद जमा हुई है. बारिश के कारण घाटों की सफाई का कार्य भी प्रभावित हुआ है. कई घाटों की सीढ़ियां एवं पोर्टिको के कुछ हिस्से अब भी जलमग्न हैं,जबकि कई स्थानों पर सीढ़ियों पर गाद जमा होने से सफाई एवं आवागमन में कठिनाई हो रही है.
नगर आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्देश दिया कि घाटों की डीप क्लीनिंग में तेजी लाई जाए तथा जीर्ण-शीर्ण सीढ़ियों,पोर्टिको एवं अन्य क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए. उन्होंने तैयारियों की नियमित निगरानी करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
जलस्तर घटने पर बढ़ सकती है घाटों तक पहुंचने की दूरी
इस वर्ष छठ महापर्व नवंबर के मध्य में मनाया जाएगा. तब तक गंगा का जलस्तर काफी नीचे जाने की संभावना को देखते हुए नगर आयुक्त ने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की स्थिति का पूर्व आकलन करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त,मुख्य नगर अभियंता,बांकीपुर अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी,बांकीपुर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता,विद्युत अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
पटना से अंकिता सिंह की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।