Jharkhand News
छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर नगर निगम तैयार, सभी 72 छठ घाटों पर चलेगा सफाई अभियान
नगर आयुक्त ने छठ पूजा समितियों के साथ की बैठक, स्वच्छता, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता घाटों पर बैरिकेडिंग, कृत्रिम चेंजिंग रूम, पेयजल, संपर्क पथों का समतलीकरण एवं विशेष प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश
नगर आयुक्त की अपीलः लोक आस्था के महापर्व को स्वच्छता एवं जनसहभागिता का उत्सव बनाएं
रांची:आगामी दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में नगर आयुक्त की अध्यक्षता में शहर की विभिन्न छठ पूजा समितियों एवं आयोजनकर्ताओं के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में छठ घाटों एवं पूजा स्थलों की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, आवागमन, कृत्रिम चेंजिंग रूम, पेयजल, घाटों के पहुंच पथों की मरम्मती एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में उपस्थित छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने पिछले वर्ष छठ महापर्व के दौरान रांची नगर निगम द्वारा की गई व्यवस्थाओं एवं स्वच्छता कार्यों की सराहना की। उन्होंने निगम द्वारा घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए किए गए प्रयासों की प्रशंसा करते हुए इस वर्ष भी बेहतर व्यवस्थाओं की अपेक्षा जताई। साथ ही, आगामी पर्व को और अधिक स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से घाटों के समीप अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था, स्टोन डस्ट की उपलब्धता, बैरिकेडिंग, कृत्रिम चेंजिंग रूम एवं फॉगिंग सहित विभिन्न आवश्यकताओं से संबंधित सुझाव प्रस्तुत किए। नगर आयुक्त ने सभी सुझावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
नगर आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ महापर्व की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व झारखंड की आस्था, श्रद्धा, लोक संस्कृति और स्वच्छता का प्रतीक है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना रांची नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।