BIHAR NEWS
छठ के गीतों में बेटियों के लिए दुआ, 'रुनुकी-झुनुकी' के बोलों में छिपा खास संदेश
पटना : लोक आस्था का महापर्व छठ सिर्फ भगवान सूर्य और छठी मईया की उपासना तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पारंपरिक लोकगीतों में समाज, परिवार, प्रकृति और रिश्तों की गहरी भावनाएं भी समाई हुई है. छठ के गीतों में जहां खेती-किसानी और नई फसल का जिक्र मिलता है, वहीं बेटियों के प्रति प्रेम और उनके सुखद भविष्य की कामना भी विशेष रूप से दिखाई देती है.
छठ के पारंपरिक गीतों को महिलाओं ने पीढ़ी दर पीढ़ी अपनी स्मृतियों और संस्कारों के जरिए सहेजकर रखा है. पटना सिटी की कलावती देवी बताती हैं कि उन्होंने बचपन से ही अपनी मां और परिवार की दूसरी महिलाओं को छठ के अवसर पर पारंपरिक गीत गाते सुना है. धीरे-धीरे इन गीतों को सुनते-सुनते उन्होंने भी गाना शुरू कर दिया.
केलवा जे फरेला घवद से में प्रकृति का वर्णन
छठ का प्रसिद्ध लोकगीत 'केलवा जे फरेला घवद से' केले के फल से लदे घवद और उस पर मंडराते सुग्गे का सुंदर चित्रण करता है. वहीं 'केरे देलन फुलवा के हरवा, केरे देलन हे पान' जैसे गीतों में पूजा की तैयारियों और पारंपरिक पूजन सामग्री का उल्लेख मिलता है.
रुनुकी-झुनुकी गीत में बेटी की कामना
छठ के लोकगीतों में 'रुनुकी-झुनुकी एगो बेटी मांगीले' विशेष महत्व रखता है. इस गीत में बेटी की कामना और उसके सुखद भविष्य की प्रार्थना की गई है. यह उस सामाजिक सोच से अलग संदेश देता है, जहां लंबे समय तक पुत्र की इच्छा को अधिक महत्व दिया जाता रहा.
पटना सिटी की ममता देवी भी बेटा और बेटी दोनों की खुशहाली से जुड़े पारंपरिक गीत गाती हैं.
समय के साथ बदल रहे छठ के गीत
लोकगीतों के जानकार हृदयनारायण झा के अनुसार, छठ के गीत सामाजिक और पारिवारिक जीवन की झलक दिखाते हैं. पार्श्व गायिका प्रियंका सिंह बताती हैं कि उन्होंने बचपन से मां और दादी को ये गीत गाते सुना है.
आज छठ गीतों में महिला सशक्तीकरण, सामाजिक उत्थान, पलायन और सामाजिक असमानता जैसे विषय भी शामिल हो रहे हैं. इस तरह छठ के लोकगीत आस्था के साथ समाज को सकारात्मक संदेश देने का माध्यम भी बने हुए हैं.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।