Live

BREAKING NEWS

छठ घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश, डीसी बोले- श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

D
Deepak Kumarलेखक

रांची:दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व के सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में संबंधित विभागों, पूजा समितियों, जतरा समिति और शांति समिति के सदस्यों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई और छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने और पर्व-त्योहारों के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।

छठ घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और सीसीटीवी से होगी निगरानी

बैठक में विभिन्न छठ पूजा समितियों के सदस्यों ने घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं एवं सुझाव रखे। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की स्थिति, स्वच्छता और संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के उपायों पर भी चर्चा हुई।

जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को छठ घाटों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए समन्वय के साथ काम करने को कहा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

14 से16 नवंबर तक छठ घाटों में तैराकी से बचने की अपील

छठ महापर्व के दौरान जलाशयों और घाटों पर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने14, 15 और16 नवंबर को छठ घाटों में तैराकी से परहेज करने का अनुरोध किया है।

श्रद्धालुओं से अपनी और अपने परिवार के सदस्यों की सुरक्षा का ध्यान रखने तथा घाटों पर निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

दुर्गापूजा के सफल आयोजन के लिए प्रशासन की सराहना

बैठक में पूजा समितियों के सदस्यों ने दुर्गापूजा के दौरान जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से किए गए सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था संबंधी प्रयासों की सराहना की। सदस्यों ने कहा कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय और प्रशासनिक सहयोग से दुर्गापूजा का आयोजन व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में मदद मिली।

आगामी पर्व-त्योहारों में भी इसी तरह सहयोग और सतर्कता बनाए रखने पर जोर दिया गया, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।

जतरा के आयोजन को लेकर भी दिए गए निर्देश

बैठक में जतरा के सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अनुमंडल पदाधिकारी, सदर और अपर जिला दंडाधिकारी, विधि-व्यवस्था को जतरा समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने आयोजन के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर समिति के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें