Live

BIHAR NEWS

छठ घाट पर अर्घ्य दे रहा था परिवार, घर में लाखों की चोरी, कटिहार में चोरों ने दिया घटना को अंजाम

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

कटिहार : छठ महापर्व के उल्लास और आस्था के बीच कटिहार के कुर्सेला में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. सोमवार सुबह भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के दौरान नवाबगंज चौक स्थित के. राजा अंबानी टाइल्स दुकान और उसके ऊपर बने आवास को चोरों ने निशाना बनाया. मुख्य सड़क एसएच-77 के किनारे स्थित दुकान व मकान का ग्रिल का ताला काटकर अंदर घुसे चोर करीब ढाई लाख रुपये नकद और लगभग 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए. दिन निकलने के समय हुई इस वारदात से इलाके के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में दहशत है.

दुकान की संचालिका माला देवी ने बताया कि वह छठ व्रत कर रही हैं. सोमवार की सुबह करीब 4:30 बजे वह परिवार के साथ अर्घ्य देने छठ घाट गई थीं. इसी दौरान सुबह करीब पांच बजे चार-पांच की संख्या में पहुंचे अज्ञात चोरों ने दुकान के सामने लगे ग्रिल का ताला काट दिया और अंदर प्रवेश कर गए. चोरों ने पहले दुकान के काउंटर में रखे नकद रुपये निकाले. इसके बाद दुकान के ऊपर पहली मंजिल पर बने आवास में पहुंचकर सभी कमरों को खंगाल डाला.

चोरों ने घर में रखे गोदरेज, लॉकर, सूटकेस और बक्सों के ताले तोड़कर उनमें रखे नकद रुपये और सोने-चांदी के आभूषण समेट लिए. इसके बाद पीछे के रास्ते से फरार हो गए. माला देवी के अनुसार, चोरी गए सामानों में करीब ढाई लाख रुपये नकद और लगभग 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात शामिल हैं.

छठ के दिन मुख्य सड़क किनारे चोरी से उठे सुरक्षा पर सवाल

छठ महापर्व जैसे बड़े त्योहार के दिन, वह भी सुबह के समय मुख्य सड़क के किनारे स्थित दुकान और आवास में इस तरह की चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिस समय लोग छठ घाटों पर भगवान सूर्य को अर्घ्य देने में जुटे थे, उसी समय चोर बेखौफ होकर घर के कमरों को खंगाल रहे थे. दिन के उजाले में हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों और व्यवसायी वर्ग में भय का माहौल है. लोगों का कहना है कि जब मुख्य सड़क किनारे स्थित प्रतिष्ठान और आवास भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है. स्थानीय लोगों ने पुलिस से घटना की गंभीरता से जांच करने, चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने और क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने की मांग की है.

कटिहार से रितेश रंजन की रिपोर्ट--

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें