Live

BIHAR NEWS

कैप्टन स्मित ने संकट में पढ़ी हनुमान चालीसा, बागेश्वर बाबा बोले- इससे मिला साहस, नवंबर में बिहार आएंगे धीरेंद्र शास्त्री

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना: फ्लाईदुबई की फ्लाइटFZ1073 में संकट के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार के हनुमान चालीसा पढ़ने की बात सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से वीडियो कॉल पर बातचीत में कैप्टन स्मित ने बताया कि मुश्किल घड़ी में वह हनुमान चालीसा का पाठ करते रहे. इसी प्रसंग पर बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने प्रतिक्रिया दी है.

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हनुमान चालीसा के पाठ को आत्मविश्वास और साहस से जोड़ते हुए कहा कि इससे व्यक्ति को कठिन परिस्थितियों का सामना करने का हौसला मिलता है. फ्लाईदुबई की घटना में कैप्टन स्मित घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे. इसके बाद यात्रियों और क्रू की मदद से स्थिति संभाली गई और विमान की सऊदी अरब के ताबुक में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. विमान में कुल 174 लोग सवार थे.

2 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी ने अस्पताल में भर्ती कैप्टन स्मित से वीडियो कॉल पर बातचीत की और उनके साहस की सराहना की. बातचीत के दौरान कैप्टन ने बताया कि दर्द और संकट के बीच वह हनुमान चालीसा पढ़ते रहे और इस दौरान भावुक भी हो गए.

इस पूरे घटनाक्रम के बीच धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बिहार कनेक्शन भी चर्चा में है. बक्सर में उनकी कथा का कार्यक्रम नवंबर में प्रस्तावित बताया गया है. बिहार में उनके कार्यक्रमों को लेकर अनुयायियों में उत्सुकता रहती है.

वहीं,30 सितंबर को फ्लाइटFZ1073 के कॉकपिट में हुई घटना की जांच अभी जारी है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार सह-पायलट के हमले के बाद विमान में संकट पैदा हुआ,लेकिन कैप्टन और अन्य लोगों की मदद से स्थिति संभाली गई और विमान को सुरक्षित उतारा गया. कैप्टन स्मित के हनुमान चालीसा पढ़ने का प्रसंग अब इस घटना का एक अलग पहलू बन गया है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें