BIHAR NEWS
बक्सर में डांडिया नाइट में कथित फूहड़ता पर पुलिस का शिकंजा, 5 नामजद समेत अन्य पर FIR दर्ज
बक्सर: बिहार के बक्सर में विगत दिनों आयोजित डांडिया नाइट के नाम पर परोसी गई फूहड़ता और अश्लीलता अब विवादों में घिर गई है. दरअसल नगर थाना क्षेत्र के एक निजी सभागार में हुए कार्यक्रम को लेकर कथित अश्लीलता और फूहड़ता का खुलेआम प्रदर्शन किया गया. आरोप है कि डांडिया आयोजन के नाम पर फूहड़ भोजपुरी गीत बजाए गए,अश्लील नृत्य कराया गया और तेज आवाज में डीजे बजाया गया.
कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और कई हिंदू संगठनों ने विरोध जताया. जिला प्रशासन से तत्काल सनातन संस्कृति के नाम पर इस तरह के धार्मिक आयोजन की जगह असामाजिक तत्वों द्वारा कथित समाजसेवियों के संरक्षण में हुए आयोजन पर कार्रवाई करने की माँग के बाद हड़कंप मच गया है.
मामला प्रशासन तक पहुंचा तो सदर अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय ने नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह को जांच कर कार्रवाई के निर्देश के बाद नगर थाना में पांच नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस के अनुसार जासों रोड स्थित बाबा नगर निवासी संदीप केशरी,गोलंबर निवासी गोलू पंडित,गोला बाजार निवासी सुनील कुमार,धोबीघाट निवासी कृष्णा दुबे और बरसाना सभागार के संचालक राहुल कुशवाहा को नामजद मामला दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ कर दिया है.
गुजरात की तर्ज पर डांडिया की थी उम्मीद, सामने आया अलग ही नजारा के बाद गुस्से में आया बक्सर
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता राज सिंह ने कहा कि जब उन्हें बक्सर में डांडिया आयोजन की जानकारी मिली तो उन्हें उम्मीद थी कि गुजरात की तर्ज पर यहां भी पारंपरिक और सांस्कृतिक डांडिया का आयोजन होगा. लेकिन कार्यक्रम के वीडियो सामने आने के बाद उन्हें काफी निराशा हुई. उनका आरोप है कि डांडिया के नाम पर केवल फूहड़ता और अश्लीलता परोसी गई. राज सिंह ने कहा कि ऐसा माहौल तो क्लबों में देखने को मिलता है,जहां लोग नशे में झूमते नजर आते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों में भारतीय संस्कृति और सामाजिक मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए.
जिला प्रशासन का दो टूक आदेश आयोजन की मर्यादा से समझौता नहीं
बक्सर के एसडीएम अविनाश कुमार ने पूरे मामले में कहा कि कार्यक्रम की अनुमति दी गई थी. प्रशासन के गाइड लाइन से आयोजन समिति को अवगत कराया गया था. आयोजन कार्यकताओं ने नियमों की अवहेलना कर अश्लील गाना बजाया गया. डांडिया के नाम पर फूहड़ता परोसी गई. आयोजन समिति और अन्य शामिल लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराया गया है.
एसडीएम ने कहा कि धार्मिक और सामाजिक आयोजनों की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है. किसी भी आयोजन की आड़ में अश्लीलता,फूहड़ता या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधियां सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
कार्यक्रम के वीडियो और सामने आई शिकायतों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जिन लोगों की तश्वीरें और इस आयोजन में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष भूमिका के आधार पर आगे की कार्रवाई की प्रारंभ किया गया है.
बक्सर से बबलू उपाध्याय की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।