Live

BIG NEWS

बीएसएससी पेपर लीक मामले में तत्कालीन अध्यक्ष, सचिव समेत 30 आरोपियों पर आरोप गठित, पटना सिविल कोर्ट में हुई सुनवाई

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना:बिहार कर्मचारी चयन आयोग (बीएसएससी) की इंटरस्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में पटना सिविल कोर्ट ने मंगलवार को तत्कालीन अध्यक्ष, सचिव समेत30आरोपियों के खिलाफ आरोप गठित कर दिया. पटना सिविल कोर्ट स्थित निगरानी के विशेष न्यायाधीश अतुल कुमार सिंह ने सभी आरोपियों के खिलाफ दर्ज आरोपों पर सुनवाई की. आरोपियों के आरोप से इनकार करने के बाद अदालत ने अभियोजन पक्ष को गवाह पेश करने का निर्देश दिया है.

मामले में आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष सुधीर कुमार, सचिव परमेश्वर राम, प्रश्नपत्र की छपाई का ठेका लेने वाले विनीत अग्रवाल और ओएमआर शीट की छपाई का ठेका लेने वाले आनंद प्रीत सिंह बराड़ समेत कई आरोपी शामिल हैं. इनके अलावा मास्टरमाइंड आशीष रंजन सहित अन्य लोगों के खिलाफ भी आरोप गठित किए गए हैं.

जांच रिपोर्ट के अनुसार, प्रश्नपत्र लीक करने की साजिश में आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष, सचिव और प्रिंटिंग से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आई थी. आरोप है कि प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट तैयार होने के बाद प्रिंटिंग से जुड़े लोगों ने इसकी प्रतियां बाहर निकालीं और आरोपियों तक पहुंचाईं. इसके बाद प्रश्नपत्र अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराए गए.

जांच में यह भी सामने आया कि आशीष रंजन ने परीक्षा केंद्र से जुड़े लोगों के माध्यम से प्रश्नपत्र हासिल करने की साजिश रची थी. मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई थी.

विशेष लोक अभियोजक आनंदी सिंह के अनुसार, तत्कालीन अध्यक्ष सुधीर कुमार समेत दस आरोपियों की गैरहाजिरी के कारण सुनवाई लंबित थी. अदालत ने इन दस आरोपियों के अभिलेख अलग कर शेष30आरोपियों के खिलाफ आरोप गठित कर दिया.

गौरतलब है कि पांच फरवरी2017 को परीक्षा शुरू होने से पांच घंटे पहले प्रश्नपत्र सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर वायरल हो गया था. इसके बाद बड़े पैमाने पर विरोध हुआ और सरकार ने परीक्षा रद्द कर दी थी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें