BIHAR NEWS
बोधगया में MP के CM मोहन यादव ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, बोले- कांग्रेस अपने अंदर झांककर देखे
बोधगया : पितृपक्ष मेला महासंगम के अंतिम दिन शनिवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव अपने परिवार के साथ बोधगया पहुंचे. इस दौरान दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर हो रहे विरोध-प्रदर्शन पर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. मोहन यादव ने कहा कि राहुल गांधी को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने अंदर झांककर देखना चाहिए और अपनी पार्टी के संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि लोकतंत्र में जनता पांच साल के लिए जनादेश देती है. ऐसे में राजनीतिक दलों को जनता के बीच रहकर अपना संगठन मजबूत करना चाहिए. उन्होंने चुनाव आयोग के विरोध को अनुचित बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की.
उन्होंने कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ चुनाव आयोग का विरोध किया जा रहा है,वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस की अलग-अलग राज्यों में सरकारें हैं. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पहले अपनी पार्टी के प्रदर्शन और संगठन की स्थिति का आकलन करना चाहिए.
मोहन यादव ने बिहार,बंगाल और उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस को अपनी राजनीतिक स्थिति पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को आत्ममंथन करना चाहिए और यह देखना चाहिए कि पार्टी लगातार किन चुनौतियों का सामना कर रही है.
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के तीसरी बार सत्ता में आने का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष इस जनादेश को पचा नहीं पा रहा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि विपक्ष को जनता के फैसले को स्वीकार करना चाहिए.
बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।