BIHAR NEWS
भाजपा विधायक द्वारा सरकार के खजाने पर उठाए सवाल पर मंत्री ने दिया जवाब, क्या बोले श्रवण कुमार, पढ़िए खबर में
पटना: बिहार के मंत्री श्रवण कुमार ने बीजेपी विधायक विनय बिहारी के सरकार पर कर्ज और खजाना खाली होने वाले बयान पर कहा कि खजाने में पैसा आता भी है और निकलता भी है. विकास और राहत के काम लगातार हो रहे हैं. जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए पैसे की कोई दिक्कत नहीं है. उन्होंने कहा कि विनय बिहारी की यह निजी राय हो सकती है. हो सकता है उनके क्षेत्र में कोई काम नहीं हुआ हो,इसलिए उन्हें ऐसी स्थिति महसूस हो रही हो. सरकार उनकी बातों को सुनेगी और उनके मन में जो बातें हैं,उन्हें दूर किया जाएगा.
तेजस्वी यादव के बयान पर श्रवण कुमार ने कहा कि सरकार बाढ़ पीड़ितों के लिए काम कर रही है. उन्होंने बताया कि मंत्री अपना एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देंगे. तेजस्वी यादव और उनके सांसद-विधायकों से भी राहत के लिए एक महीने का वेतन देने की अपील की.
आरजेडी के साथ नीतीश कुमार के फिर से जाने की चर्चा पर श्रवण कुमार ने कहा कि तेजस्वी यादव सपना देखने के लिए मजबूर हैं,लेकिन मजबूरी से दुनिया नहीं चलती. उन्होंने कहा कि जब नीतीश कुमार साथ थे,तब अच्छे थे और दूर होने के बाद उनके बारे में कई तरह की बातें कही गईं.
सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाए जाने के सवाल पर श्रवण कुमार ने कहा कि उनके नेता विष पीते हैं. जो लोग कहते और करते हैं,उसे नीतीश कुमार सह लेते हैं. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने नीतीश कुमार का समर्थन किया और नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाकर उसका जवाब दिया.
अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच बयानबाजी पर उन्होंने कहा कि सब कुछ ठीक हो जाएगा. विधान परिषद सभापति पद पर जेडीयू की दावेदारी को लेकर कहा कि दावेदारी रहती है और यह व्यवस्था तथा आपसी समन्वय से तय होती है.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर श्रवण कुमार ने कहा कि जेडीयू ने प्रमंडल स्तर पर सम्मेलन शुरू कर दिया है. 9 से 10 प्रमंडलों में कार्यक्रम हो चुके हैं और समीक्षा की जा रही है. चुनाव में कितनी सीटों पर लड़ना है और संभावित उम्मीदवार कौन होंगे,इन विषयों पर आगे रणनीति बनेगी. गठबंधन में चुनाव लड़ेंगे या अकेले,इसका फैसला भी आगे किया जाएगा.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।