JHARKHAND POLITICS
बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, मोरहाबादी से बिरसा मुंडा संग्रहालय तक निकला मार्च
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू,केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव,बाबूलाल मरांडी और संजय सेठ समेत हजारों कार्यकर्ता हुए शामिल, INDIAगठबंधन की रैली को बीजेपी नेताओं ने बताया सुपर फ्लॉप
रांची:झारखंड में सियासी माहौल के बीच भारतीय जनता पार्टी ने राजधानी रांची में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली। मोरहाबादी मैदान से शुरू हुई यह पदयात्रा कचहरी चौक होते हुए जेल चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान (बिरसा मुंडा संग्रहालय) तक पहुंची। कार्यक्रम में बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं और हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
पदयात्रा में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव, राष्ट्रीय महामंत्री सह झारखंड प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, विधायक सीपी सिंह, विधायक सरयू राय और रांची की मेयर रोशनी खलखो समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए निकली पदयात्रा-संजय सेठ
पदयात्रा के दौरान केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि देश बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के बनाए संविधान से चलता है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम किया है। दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की लोकतंत्र बचाओ रैली पर निशाना साधते हुए संजय सेठ ने उसे सुपर फ्लॉप करार दिया। उन्होंने कहा कि पिछले 25-30 वर्षों में इतनी खराब रैली उन्होंने नहीं देखी। उनके मुताबिक, रैली में हजारों कुर्सियां खाली पड़ी थीं। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े वादे करने से देश नहीं चलता, बल्कि काम करने से देश आगे बढ़ता है।
राज्य में फैली अराजकता के खिलाफ है पदयात्रा-गजेंद्र सिंह पटेल
बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री सह प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए आज बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं। यह पदयात्रा राज्य में फैली अराजकता के विरोध में आयोजित की गई है। SIR को लेकर उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के तहत 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाने हैं। जिन मतदाताओं के नाम दो जगह दर्ज हैं, उनमें से एक जगह नाम हटाया जाना है और जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है, उनके नाम सूची से हटाए जाने हैं। उन्होंने कहा कि करीब 30 वर्षों के बाद SIR की प्रक्रिया हो रही है, लेकिन विपक्ष को इससे परेशानी हो रही है।
आदिवासियों के हक और घुसपैठ का मुद्दा भी उठाया
गजेंद्र सिंह पटेल ने झारखंड की JMM-कांग्रेस सरकार पर आदिवासियों के साथ छल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य के कई गांवों में घुसपैठ की समस्या है और इससे आदिवासियों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों और आदिवासियों की चिंता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। प्रधानमंत्री मोदी लगातार काम कर रहे हैं, इसलिए विपक्ष केवल आरोप लगाने का काम कर रहा है।
पटेल ने कहा कि बीजेपी लोकतंत्र की रक्षा करने के साथ-साथ SIR के माध्यम से नए युवा मतदाताओं के नाम जुड़वाने का काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस को इन मुद्दों पर मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
कई दिग्गज नेताओं की मौजूदगी से शक्ति प्रदर्शन
मोरहाबादी मैदान से बिरसा मुंडा संग्रहालय तक निकली इस पदयात्रा में बीजेपी के केंद्रीय और प्रदेश स्तर के नेताओं की मौजूदगी देखने को मिली। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं की भागीदारी के जरिए बीजेपी ने राजधानी रांची में अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। पदयात्रा के दौरान नेताओं ने राज्य सरकार और विपक्षी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा।
रांची से संदीप यादव की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।