Live

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतगणना जारी

तिरहुत शिक्षक सीट पर नरेंद्र सिंह आगे, पटना स्नातक सीट पर नीरज और अनुज के मुकाबले पर नजर

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना:बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए मंगलवार को मतगणना जारी है. इस चुनाव में कुल 150 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है. मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू हुई. शुरुआती रुझानों में तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा समर्थित उम्मीदवार डॉ. नरेंद्र प्रसाद सिंह आगे चल रहे हैं. प्रथम वरीयता के मतों की गिनती में उन्होंने 1793 वोट प्राप्त किए,जबकि सीपीआई के डॉ. संजय कुमार सिंह को 1656 मत मिले. निर्दलीय प्रत्याशी भूषण झा को 1457 और जन सुराज के श्याम नंदन राय को 1295 वोट प्राप्त हुए.

वहीं,पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव परिणाम पर भी सबकी निगाहें टिकी हुई है. यहां जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार और जन सुराज समर्थित अनुज सिंह के बीच मुकाबला चर्चा में है. मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने अनुज सिंह का समर्थन किया था. इस घटनाक्रम के बाद उन्हें जदयू से निष्कासित कर दिया गया था. मतगणना से पहले अनंत सिंह के आवास पर समर्थकों ने अनुज सिंह की जीत की उम्मीद में जश्न की तैयारियां भी की थी.

दूसरी ओर,मतगणना केंद्रों की व्यवस्था को लेकर कुछ प्रत्याशियों ने सवाल उठाए हैं. पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राजद प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार सिंह और जन सुराज प्रत्याशी दिव्या ज्योति ने मतगणना हॉल में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने की शिकायत की. कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. संजय कुमार सिंह भी इसी मुद्दे पर धरने पर बैठ गए थे. अधिकारियों की अपील के बाद धरना समाप्त हुआ.

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतपत्रों की छंटाई पूरी होने के बाद प्रथम वरीयता के मतों की गिनती शुरू कर दी गई है. वहीं,कोसी स्नातक समेत अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में भी मतगणना की प्रक्रिया जारी है.

बिहार विधान परिषद चुनाव में मतों की गिनती वरीयता प्रणाली के आधार पर होती है. प्रथम वरीयता में आवश्यक कोटा नहीं मिलने पर नियमानुसार आगे की वरीयताओं के मतों की गणना की जाती है. ऐसे में अंतिम परिणाम आने तक प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की निगाहें मतगणना केंद्रों पर टिकी हुई है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें