Live

BIG NEWS

बिहार शिक्षा विभाग में 76.71 लाख का घोटाला, डिजिटल हेराफेरी के आरोप में लिपिक निलंबित

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : बिहार के शिक्षा विभाग में सरकारी राशि के गबन का बड़ा मामला सामने आया है. पटना जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की मेकर लॉगइन आईडी का कथित दुरुपयोग कर 76 लाख 71 हजार 983 रुपये की अवैध निकासी किए जाने का आरोप है. मामले में एफएनएस उच्च विद्यालय, गुलजारबाग में कार्यरत लिपिक विजय कृष्ण विद्यार्थी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है.


पटना के जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, संबंधित लिपिक पर कार्यालय की आंतरिक डिजिटल प्रणाली का बिना अनुमति इस्तेमाल करने और सरकारी राशि का गलत तरीके से भुगतान प्राप्त करने तथा कराने का आरोप लगाया गया है. विभाग ने इस मामले को वित्तीय अनियमितता, डिजिटल हेराफेरी, धोखाधड़ी और सरकारी राशि के दुरुपयोग से जुड़ा गंभीर मामला माना है.


अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच


इस मामले में विभागीय स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है. इतनी बड़ी राशि की कथित अवैध निकासी में अन्य लोगों की भूमिका होने की आशंका भी जताई जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. आरोपी लिपिक के खिलाफ आरोप पत्र अलग से जारी किया जा रहा है.


निलंबन अवधि के दौरान लिपिक का मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, घोसवरी निर्धारित किया गया है. नियमानुसार उपस्थिति विवरण के आधार पर उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा.


शिक्षकों के वेतन भुगतान में भी गड़बड़ी


इधर, बिहार में शिक्षकों के वेतन भुगतान में अनियमितता का मामला भी सामने आया है. जानकारी के अनुसार, कई शिक्षकों के खातों में कुछ महीनों का वेतन दो बार भेज दिया गया. कुछ शिक्षकों ने अतिरिक्त राशि वापस कर दी, जबकि कई शिक्षकों द्वारा राशि नहीं लौटाने की बात सामने आई है. इस मामले में भी कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें