BIHAR NEWS
धनतेरस पर पटना में 3800 करोड़ से अधिक का कारोबार, 23 BMW और 83 हार्ले-डेविडसन की हुई बिक्री
धनतेरस के मौके पर राजधानी पटना के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। शुक्रवार को पटना और पटना सिटी के छोटे-बड़े बाजारों में देर रात तक खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी रही। कारोबारियों के अनुसार, इस बार धनतेरस पर पटना में 3800 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है। सोना-चांदी, कार, बाइक, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन और कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की खूब भीड़ देखने को मिली।
सर्राफा बाजार में 800 करोड़ का कारोबार
धनतेरस पर सोने-चांदी की खरीदारी में भी तेजी रही। कारोबारियों के अनुसार, पटना में करीब 250 से 300 किलो चांदी की बिक्री हुई। 20 ग्राम से अधिक वजन के चांदी के सिक्के शाम तक आउट ऑफ स्टॉक हो गये। पटना सिटी में करीब डेढ़ से दो किलो सोना और 37 से 38 किलो चांदी की बिक्री हुई। बनवारी लाल ज्वेलर्स में 65 लाख रुपये का चांदी का मंदिर बिका, जबकि तनिष्क फ्रेजर रोड में 40 लाख रुपये का डायमंड सेट बुक हुआ। सर्राफा कारोबार 800 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।
लग्जरी गाड़ियों की भी खूब मांग
ऑटोमोबाइल बाजार में भी धनतेरस पर रिकॉर्ड खरीदारी हुई। रांची से पटना के ग्राहकों के लिए 23 BMW गाड़ियां पहुंचीं। वहीं, 83 हार्ले-डेविडसन बाइक की बिक्री हुई। राजधानी में करीब चार हजार चार पहिया और 10 हजार दोपहिया वाहनों की डिलीवरी हुई। मारुति, टाटा, हुंडई और रेनॉ की गाड़ियों की भी अच्छी मांग रही। पिछले साल की तुलना में ऑटोमोबाइल कारोबार में 15 से 20 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है।
इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तन बाजार में रौनक
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में 55 से 75 इंच के 400 से अधिक एलईडी टीवी बिके। इसके अलावा 85 और 100 इंच के करीब 300 टीवी सेट की बिक्री हुई। इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार 400 से 450 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। वहीं, पटना में करीब 9.5 करोड़ रुपये के बर्तनों की बिक्री हुई। कुल मिलाकर धनतेरस ने राजधानी के कारोबारियों के चेहरे पर मुस्कान ला दी।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।