Live

BIHAR NEWS

वित्त विभाग में निवर्तमान सचिव (व्यय) रचना पाटिल को दी गई भावभीनी विदाई, नवनियुक्त सचिव (व्यय) कँवल तनुज का हुआ स्वागत

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : वित्त विभाग के सभागार में मंगलवार को एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर विभाग की निवर्तमान सचिव (व्यय) रचना पाटिल को भावभीनी विदाई दी गई. साथ ही, नवनियुक्त सचिव (व्यय) कँवल तनुज का विभाग में स्वागत किया गया.

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता वित्त विभाग के प्रधान सचिव, विनय कुमार ने की. अपने संबोधन में उन्होंने दोनों अधिकारियों को उनके आगामी दायित्वों के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दी. प्रधान सचिव ने निवर्तमान सचिव (व्यय) रचना पाटिल के कार्यकाल की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि पाटिल ने अत्यंत उदारता और समर्पण के साथ काम किया और लंबे समय से लंबित महत्वपूर्ण संचिकाओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया. उन्होंने आगे कहा कि महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय लेकर पाटिल ने विभाग के सुचारू संचालन में अमूल्य योगदान दिया है. इसके साथ ही, प्रधान सचिव ने नए सचिव (व्यय) कँवल तनुज का विभाग में स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक गति मिलेगी.

इस अवसर पर निवर्तमान सचिव (व्यय) रचना पाटिल ने विभाग के साथ काम करने के अपने सुखद अनुभवों को साझा किया. उन्होंने कहा कि वित्त विभाग में कार्य करना उनके लिए अत्यंत गौरवपूर्ण और सीखने वाला अनुभव रहा है. अपनी टीम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें अपने सहकर्मियों और अधीनस्थ अधिकारियों से बहुत कुछ सीखने को मिला. उन्होंने विभाग के सकारात्मक कार्य-वातावरण और टीम वर्क की प्रशंसा करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से ही कठिन लक्ष्यों को समय पर पूरा करना संभव हो सका. अंत में, उन्होंने नवनियुक्त सचिव(व्यय) को शुभकामनाएं देते हुए पूरे विभाग के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

विदित हो कि रचना पाटिल आज से बिहार के राज्यपाल की सचिव के पद पर कार्यरत रहेंगी.

समारोह में वित्त विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने दोनों अधिकारियों के प्रति अपना सम्मान और शुभकामनाएं व्यक्त की.

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें