Live

BIHAR NEWS

दीपावली और छठ महापर्व को लेकर CM सम्राट चौधरी सख्त, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने का निर्देश; 16 हजार प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों समेत अतिरिक्त बल की तै

S
Srishtyलेखक

बिहार में आगामी दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को पूरी सतर्कता एवं तत्परता के साथ काम करने को कहा।मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में बिहार के लोग दूसरे राज्यों और विदेशों से अपने घर लौटते हैं। ऐसे में उन्हें सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सार्वजनिक स्थलों और छठ घाटों पर विशेष सफाई, सुरक्षा तथा 24 घंटे गश्ती की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी जिलों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को सक्रिय और अलर्ट रखने का निर्देश दिया गया।

पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा ने बताया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए 16 हजार प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों, 1500 पीटीसी, होमगार्ड और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की अतिरिक्त तैनाती की गई है। मुख्यमंत्री ने छठ घाटों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षा, रोशनी और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा नंगे तारों के इस्तेमाल पर रोक लगाने का निर्देश दिया।मुख्यमंत्री ने कायाकल्प अभियान के तहत योजनाओं की संख्या दोगुनी किए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि कोई भी गांव विकास योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। बाढ़ से क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों की जल्द मरम्मत कराने और सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी केंद्र एवं पंचायत भवन जैसी सुविधाओं को अभियान में शामिल करने को कहा।

उन्होंने औद्योगिक विकास को गति देने के लिए जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को हर महीने उद्यमियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं का समाधान करने तथा निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करने का निर्देश दिया। भ्रामक और फर्जी खबरों पर अधिकतम चार घंटे के भीतर प्रतिक्रिया देने को भी कहा। मुख्यमंत्री ने 16 नवंबर के बाद विकास कार्यों की विशेष समीक्षा और 25 नवंबर के बाद विभिन्न जिलों का दौरा करने की बात कही।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें