BIHAR NEWS
पटना में दुर्गा पूजा पंडालों को बड़ा झटका, बिजली कनेक्शन पर अब नहीं मिलेगी सब्सिडी, पूरी तय फीस देनी होगी पूजा समितियों को
पटना में दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच पूजा समितियों को बिजली कनेक्शन के लिए इस बार अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ेगा। पेसू ने पंडालों को मिलने वाली बिजली कनेक्शन सब्सिडी खत्म कर दी है। अब पूजा समितियों को निर्धारित सर्विस कनेक्शन शुल्क के अनुसार पूरी राशि का भुगतान करना होगा।पेसू के महाप्रबंधक सह मुख्य अभियंता दिलीप कुमार सिंह की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि पूजा पंडालों को स्वीकृत लोड के आधार पर बिजली कनेक्शन दिया जाएगा। शुल्क तालिका में किसी तरह की सब्सिडी का प्रावधान नहीं है। हालांकि कनेक्शन शुल्क में जीएसटी नहीं लिया जाएगा। स्मार्ट प्रीपेड मीटर वाले उपभोक्ताओं को मिलने वाले टाइम ऑफ डे यानी TOD टैरिफ का लाभ भी इन अस्थायी कनेक्शनों पर नहीं मिलेगा।
एक केवीएएच लोड पर कुल 1,878 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। चार केवीएएच तक 800 रुपये सर्विस कनेक्शन और 150 रुपये आवेदन शुल्क लगेगा। चार केवीएएच से अधिक लोड पर 1,800 रुपये सर्विस कनेक्शन और 400 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा।अधिकांश पंडाल तीन दिनों के लिए 10 से 20 किलोवाट तक का अस्थायी कनेक्शन लेते हैं। बड़े पंडालों में 70 से 80 किलोवाट तक की जरूरत होती है। वर्ष 2025 में 666 पंडालों में 591 को अस्थायी कनेक्शन मिला था और समितियों ने 24.45 लाख रुपये जमा किए थे।पेसू ने सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने का भी निर्देश दिया है। पंडाल और बिजली के तारों के बीच निर्धारित दूरी बनाए रखना अनिवार्य होगा। कनेक्शन के लिए समितियों को अपने क्षेत्र के पेसू विद्युत आपूर्ति प्रमंडल में आवेदन करना होगा।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।