BIHAR NEWS
स्मैक कारोबारी को पकड़ने गए टाइगर मोबाइल जवान की हत्या, 36 घंटे बाद दरधा नदी किनारे मिला शव, जहानाबाद में मचा हड़कंप
जहानाबाद जिले में स्मैक कारोबारी को पकड़ने गए टाइगर मोबाइल के जवान धनेश्वर कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। करीब 36 घंटे तक लापता रहने के बाद शनिवार को उनका शव काको थाना क्षेत्र के नदियावां गांव के पास नदी किनारे मिला। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी कोटा किरण कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात नगर थाना क्षेत्र के एसएस कॉलेज रोड पर स्मैक कारोबारी को पकड़ने के लिए टाइगर मोबाइल के तीन जवानों की टीम गई थी। कार्रवाई के दौरान कथित तौर पर एक धंधेबाज से जवानों की नोकझोंक हुई और वहां अफरातफरी मच गई। इसी दौरान आरोपी के भागने की बात सामने आई। भीड़ जुटने पर दो जवान वापस लौट आए, लेकिन धनेश्वर कुमार का कोई पता नहीं चला।
दोनों जवानों ने अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने लापता जवान की तलाश शुरू की और तकनीकी टीम को भी लगाया गया। शुक्रवार को एसपी ने जवान के लापता होने की पुष्टि की थी। शनिवार को उनका शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई।पुलिस को घटनास्थल के पास से जवान की पिस्टल और पर्स बरामद हुआ है। पर्स में पैन कार्ड, सर्विस पहचान पत्र समेत कई दस्तावेज मिले हैं। धनेश्वर कुमार भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सुवकरगंज गांव के रहने वाले थे। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।पुलिस ने स्मैक कारोबार से जुड़े एक व्यक्ति को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है। फिलहाल मौत के कारणों और घटना में किसी की संलिप्तता की जांच जारी है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।