BIHAR NEWS : मुख्य सचिव ने मुख्यमंत्री के मुंगेर आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थलों का किया निरीक्षण, दिया आवश्यक निर्देश
मुंगेर: बिहार के मुंगेर में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने शनिवार को संभावित मुख्यमंत्री दौरे की तैयारियों का जायजा लिया. 5 मई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मुंगेर आगमन की संभावना को देखते हुए मुख्य सचिव ने कार्यक्रम स्थलों का भौतिक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं को समय पर दुरुस्त करने का निर्देश दिया.
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वे विश्व प्रसिद्ध योगाश्रम में पादुका दर्शन जायेंगे जहां तिरुपति बालाजी की उत्सव मूर्ति के पहुंचने पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे. इसके अलावा वे आरएसएस के एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सरस्वती विद्या मंदिर भी जाएंगे. साथ ही कासिम बाजार थाना क्षेत्र स्थित निर्दोष काली मंदिर में पूजा-अर्चना करने का भी कार्यक्रम है.
मुख्य सचिव ने इन सभी स्थलों का दौरा कर सुरक्षा,यातायात,साफ-सफाई और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. निरीक्षण के दौरान पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव पंकज पाल,जिलाधिकारी,पुलिस अधीक्षक सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे. सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया.
मुंगेर से अमृतेश सिन्हा की रिपोर्ट—