BIHAR NEWS : सुपौल में लंबित मानदेय के विरोध में आवास कर्मियों ने किया 3 दिवसीय कार्य बहिष्कार

Edited By:  |
bihar news

सुपौल :जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत कार्यरत आवास कर्मियों ने लंबित मानदेय के विरोध में तीन दिवसीय कार्य बहिष्कार शुरु कर दिया है. ग्रामीण आवास सहायक,ग्रामीण आवास पर्यवेक्षक,लेखा सहायक एवं कार्यपालक सहायक के रूप में कार्यरत कर्मियों का विगत आठ माह से मानदेय भुगतान नहीं हुआ है,जिससे उनमें भारी आक्रोश व्याप्त है.

शुक्रवार को दूसरे दिन कर्मियों का कहना है कि लगातार आठ महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है. परिवार का भरण-पोषण,बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करना मुश्किल हो रहा है. मानदेय लंबित रहने के कारण दशहरा,दीपावली और छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व भी वे ठीक से नहीं मना सके. कर्मियों ने इसे विभागीय उदासीनता बताते हुए कहा कि सरकार की महत्वपूर्ण योजना को जमीन पर उतारने वाले ही आज उपेक्षा के शिकार हैं.

प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर दिनांक 26 फरवरी 2026 से तीन दिवसीय कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया गया है. दूसरे दिन प्रखंड कार्यालय परिसर में कर्मियों ने एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया और शीघ्र मानदेय भुगतान की मांग उठाई. उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

कार्य बहिष्कार में महेश कुमार,बबलू कुमार,ओमप्रकाश,आनंद कुमार,केश कुमार,अश्विनी कुमार,शशिभूषण,प्रभाष कुमार,रणधीर कुमार,रविशंकर,संजू कुमार,चित्ररंजन,निरंजन राम,बिरेंद्र कुमार,बसवीर साधार,रविंद्र कुमार,मिथलेश कुमार,राकेश कुमार,सूर्यभूषण मणि सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे.

जिलाध्यक्ष राजकिशोर कुमार ने कहा कि आठ माह से मानदेय लंबित रहना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने सरकार से अविलंब बकाया भुगतान कर कर्मियों को राहत देने की मांग की है.