Live

BIHAR NEWS

भूमि विवाद को लेकर दिनारा के बेलवईया में हुई गिरफ्तारी के विरोध में भाकपा-माले का प्रदर्शन, प्रशासन को चेतावनी

S
Simran Chaudharyलेखक

SASARAM : रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के बेलवईया गांव में भूमि विवाद के बाद पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई और गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को भाकपा-माले कार्यकर्ताओं ने सड़क मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व रोहतास जिला भाकपा-माले सचिव अशोक बैठा ने किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने भू-माफियाओं की मिलीभगत से पर्चाधारियों को उनकी जमीन से बेदखल करने का प्रयास किया। इस दौरान जब ग्रामीणों ने विरोध किया तो पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए गांव में छापेमारी की और कई निर्दोष लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

जिला सचिव अशोक बैठा ने कहा कि इस कार्रवाई के खिलाफ हम सड़क पर उतरने को मजबूर हुए हैं, उन्होंने तीन प्रमुख मांगें रखीं बेगुनाहों की रिहाई, झूठे मुकदमों की वापसी और पर्चाधारियों को उनकी भूमि पर कब्जा दिलाना। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि इन मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। माले नेता ने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई स्थानीय विधायक और मंत्री के इशारे पर हुई है और रोहतास एसपी को ऐसा नहीं करना चाहिए था। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने गंभीरता नहीं दिखाई, तो सरकार को इसका जवाब देना होगा।

वहीं सासाराम एसडीएम आशुतोष रंजन ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में बिना अनुमति के मार्च और प्रदर्शन करना कानूनन गलत है। मामले की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि बेलवईया गांव में हुए विवाद और पुलिस के साथ झड़प व तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने करीब 300 लोगों के खिलाफ नामजद व अज्ञात एफआईआर दर्ज की है, जिसके बाद अब तक 60 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में 15 से अधिक थानों की पुलिस तैनात की गई है।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें