Live

BIHAR NEWS

भाजपा जिलामंत्री नूतन गुप्ता की संगठन सशक्तिकरण यात्रा को मिल रहा जनसमर्थन, योजनाओं की दी जा रही व्यापक जानकारी

S
Simran Chaudharyलेखक

PURNIA : भारतीय जनता पार्टी की जिलामंत्री श्रीमती नूतन गुप्ता की नेतृत्व में चल रही संगठन सशक्तिकरण यात्रा को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। इस यात्रा का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार करना तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना है।

भाजपा विस्तारक वर्ग की बैठक में मिले दिशा-निर्देशों के आलोक में यह यात्रा प्रारंभ की गई है। इसी क्रम में जिलामंत्री नूतन गुप्ता पूर्णिया पूर्व प्रखंड के रामपुर पंचायत अंतर्गत बेलवा गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में आयोजित स्वाभिमान सभा में शामिल हुईं। सभा में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनका पुष्पगुच्छ से भव्य स्वागत किया, वहीं श्रीमती गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

सभा को संबोधित करते हुए श्रीमती गुप्ता ने कहा कि वे संगठन सशक्तिकरण यात्रा के माध्यम से डबल इंजन सरकार की जनहितकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं और लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक भी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रही एनडीए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाएं समाज के हर वर्ग के लिए लाभकारी हैं। इनमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना, वृद्धजन पेंशन योजना, 125 यूनिट फ्री बिजली, आयुष्मान भारत योजना, विधवा एवं दिव्यांगजन पेंशन योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना तथा मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना जैसी कई अहम योजनाएं शामिल हैं।

श्रीमती गुप्ता ने सभा के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना और समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सिर्फ राजनीति नहीं बल्कि सेवा को अपना लक्ष्य मानते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीताराम दास ने की, जबकि इस दौरान भागवत प्रसाद दास, जनार्दन प्रसाद दास समेत कई अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

( जय प्रकाश मिश्रा की रिपोर्ट)

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें