Live

BIHAR NEWS

नवादा में जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से वंचित किए जाने के खिलाफ जमकर किया प्रदर्शन

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

नवादा: जिले केसिरदला में बुधवार को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से वंचित किए जाने के विरोध में जीविका दीदियों का गुस्सा फूट पड़ा. सुबह से ही हजारों महिलाएं सिरदला बाजार स्थित जीविका कार्यालय पहुंची और जमकर विरोध प्रदर्शन किया.

बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रभारी बीपीएम सहित सभी कर्मी कार्यालय बंद कर वहां से निकल गए. आरोप है कि एरिया कोऑर्डिनेटर राजकुमार भी कार्यालय छोड़कर भागने लगे,लेकिन महिलाओं ने उन्हें करीब सौ मीटर की दूरी पर रोक लिया और जवाब-तलब किया.

महिलाओं ने आरोप लगाया कि योजना के आवेदन के लिए50से100रुपये तक वसूले गए. दो से तीन माह तक“आज-कल”कहकर दौड़ाया गया और बाद में यह कहकर पल्ला झाड़ लिया गया कि वे जीविका समूह की नहीं बल्कि फेडरेशन की सदस्य हैं,इसलिए लाभ नहीं मिल पाएगा.

महिलाओं ने दावा किया कि कई फॉर्म गायब कर दिए गए और आवेदन की कोई रसीद भी नहीं दी गई. उनका कहना है कि वे वर्ष2011से जीविका से जुड़ी हैं और पहले भी कई योजनाओं का लाभ मिला है,तो अब केवल10हजार रुपये वाली योजना से ही क्यों वंचित किया गया?

इसी आक्रोश के बीच महिलाओं ने कार्यालय पर ताला जड़ने की चेतावनी भी दी. प्रदर्शन के बाद महिलाएं लगभग दो किलोमीटर पैदल चलकर प्रखंड कार्यालय पहुंचीं,जहां भी उन्होंने विरोध जताया. बीडीओ दीपेश कुमार छुट्टी पर थे,जिसके बाद अंचल अधिकारी भोला प्रसाद बाहर आकर महिलाओं से मिले. उन्होंने लिखित आवेदन लिया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया.

महिलाओं ने अपने आवेदन में उल्लेख किया कि उनके53ग्राम संगठन2013-14से संचालित हैं,जिनके तहत705समूह सक्रिय हैं और सभी की आईडी जीविका के एमआईएस पोर्टल पर मौजूद है. इसके बावजूद उन्हें योजना से वंचित कर दिया गया. महिलाओं ने चेतावनी दी कि न्याय नहीं मिलने पर वे सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगी.

नवादा से दिनेश कुमार की रिपोर्ट—

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें