Live

BIHAR NEWS

पटना में 1200 करोड़ की वाटर मेट्रो परियोजना का खाका तैयार, कंगन और पहलवान घाट पर बनेंगे विश्वस्तरीय रीवर क्रूज टर्मिनल

S
Srishtyलेखक

पटना में मेट्रो रेल और मरीन ड्राइव के बाद अब गंगा में वाटर मेट्रो परियोजना को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राष्ट्रीय जलमार्ग संख्या-1 से जुड़े पटना क्षेत्र में करीब 1200 करोड़ रुपये की लागत से वाटर मेट्रो परियोजना विकसित करने का खाका तैयार किया गया है। परियोजना के पहले चरण में कंगन घाट और पहलवान घाट पर विश्वस्तरीय रीवर क्रूज टर्मिनल बनाए जाएंगे।राज्य सरकार की ओर से दोनों घाटों पर टर्मिनल निर्माण के लिए दो-दो एकड़ जमीन भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण यानी IWAI को आवंटित की गई है। अधिकारियों के मुताबिक दोनों टर्मिनलों के निर्माण पर करीब 200 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। निर्माण कार्य वर्ष 2029 से पहले पूरा होने की उम्मीद जताई गई है।कंगन घाट पर बनने वाले टर्मिनल को जेपी गंगा पथ से जोड़ा जाएगा। टर्मिनल से गंगा में बनाए जाने वाले करीब 150 मीटर लंबे पांटून तक यात्रियों की पहुंच के लिए गैंगवे की व्यवस्था होगी। पांटून पर एक साथ चार जहाजों के ठहरने की सुविधा विकसित की जाएगी। क्रूज और अन्य जहाजों को ईंधन उपलब्ध कराने के लिए फ्यूल बंकरिंग सिस्टम भी लगाया जाएगा।

वहीं, पहलवान घाट पर रीवर क्रूज टर्मिनल का निर्माण एलिवेटेड स्वरूप में किया जाएगा। टर्मिनल के आसपास एलिवेटेड क्षेत्र के साथ पांटून तक पहुंचने के लिए एलिवेटेड रैंप बनाया जाएगा। गंगा तट को आकर्षक बनाने के लिए स्टोन पीचिंग का भी प्रावधान रहेगा।इस परियोजना से पटना में जल परिवहन को बढ़ावा देने के साथ गंगा पर्यटन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। देशी-विदेशी पर्यटकों को लेकर आने वाले क्रूज के ठहराव की सुविधा विकसित होगी। टर्मिनलों के आसपास आधारभूत ढांचे के विकास के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ने की संभावना है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें