Hindi News / केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने बांका में कांवड़ियों के पैर दबाए, सेवा शिविर...

BIHAR NEWS : केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने बांका में कांवड़ियों के पैर दबाए, सेवा शिविर में सुविधाओं का जायजा लेकर पेश की मिसाल

Edited By:  |
bihar news

बांका: श्रावणी मेले के दौरान बिहार के बांका जिले से सेवा और समर्पण की अनूठी तस्वीर सामने आई है. केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कटोरिया के टोना पाथर स्थित बोल बम सेवा शिविर पहुंचकर कांवड़ियों की सेवा की. उन्होंने अपने हाथों से थके हुए शिवभक्तों के पैर दबाए और पैरों में तेल से मालिश की. केंद्रीय मंत्री के इस सेवा भाव को देखकर शिविर में मौजूद श्रद्धालु भी भावुक नजर आए.

नित्यानंद राय ने कांवरिया पथ से गुजर रहे श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात की और उनकी यात्रा के बारे में जानकारी ली. उन्होंने सेवा शिविर में कांवरियों के लिए उपलब्ध भोजन, दवा, विश्राम और अन्य सुविधाओं का भी जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने सेवा में जुटे कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की सराहना की.

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए आने वाले लाखों कांवड़ियों की सेवा करना भगवान भोलेनाथ की सच्ची साधना और पूजा के समान है. उन्होंने कहा कि यदि ईश्वर की कृपा प्राप्त करनी है तो लोगों की सेवा करनी चाहिए और किसी को दुख नहीं देना चाहिए.

उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला केवल आस्था और भक्ति का पर्व नहीं है, बल्कि सेवा, समर्पण और सनातन संस्कृति की सामाजिक सहभागिता का जीवंत प्रतीक भी है. कठिन मौसम और बारिश के बावजूद सेवा में जुटे कार्यकर्ताओं के प्रयास की उन्होंने विशेष रूप से सराहना की.

नित्यानंद राय ने कहा कि प्रशासन के साथ सामाजिक संगठनों के सहयोग से कांवरिया यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाया जा रहा है. अंत में उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से सभी श्रद्धालुओं के सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य की कामना की.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-