BIHAR NEWS : सीवान में नाबालिग से गैंगरेप एवं वीडियो वायरल मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार
सीवान: बड़ी खबरसीवान से है जहां पुलिस ने नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले का बड़ा खुलासा करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का दावा है कि वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.
7 जुलाई 2026 को महिला थाना में एक लिखित आवेदन दिया गया था. आवेदन में पीड़िता ने आरोप लगाया कि 28 जून 2026 को तीन नामजद युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. शिकायत मिलते ही महिला थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,महाराजगंज के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर लगातार छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बसंतपुर थाना क्षेत्र के सानी बगाही निवासी कृष्णा चौधरी के पुत्र संदीप कुमार,अमित कुमार उर्फ राजा जी और टुनटुन कुमार के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार,गिरफ्तार आरोपियों में से दो के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं. बरामद साक्ष्यों का तकनीकी परीक्षण कराया जा रहा है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है. फिलहाल,इस सनसनीखेज मामले में तीनों आरोपी सलाखों के पीछे हैं. पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सीवान से निरंजन कुमार की रिपोर्ट--