BIHAR NEWS : पुलिस सप्ताह में नशा मुक्ति का संदेश, गोपालगंज एसपी ने दिखाई जागरुकता रथ को हरी झंडी
गोपालगंज : बिहार के गोपालगंज में पुलिस सप्ताह के अवसर पर नशा मुक्ति को लेकर बड़ा जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के दूसरे दिन पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने तीन नशा मुक्ति जागरुकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. ये रथ जिले के अलग-अलग अनुमंडलों और प्रखंडों में जाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे.
गोपालगंज में पुलिस सप्ताह के तहत नशा मुक्ति जागरूकता अभियान की शुरुआत जोर-शोर से की गई. समाहरणालय परिसर से पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने तीन जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस मौके पर हेडक्वार्टर डीएसपी विजय कुमार मिश्रा, लाइन डीएसपी सुबोध कुमार समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. इन जागरुकता रथों को सदर अनुमंडल-1, सदर अनुमंडल-2 और जिले के अन्य क्षेत्रों में भेजा गया है, जहां ये गांव-गांव और चौक-चौराहों पर जाकर नशा मुक्ति का संदेश फैलाएंगे. जागरुकता रथों पर सरकार द्वारा जारी नशा मुक्ति से संबंधित संदेश, पोस्टर और ऑडियो संदेश लगाए गए हैं. रथों के माध्यम से लोगों को शराब, स्मैक, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी जाएगी. खासकर युवाओं और बच्चों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा. पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि समाज में नशे की मांग को कम किया जाए और लोगों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया जाए.
पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने बताया कि पुलिस सप्ताह के तहत तीन जागरूकता रथों को अलग-अलग क्षेत्रों में भेजा गया है. ये रथ सदर-1 और सदर-2 समेत विभिन्न अनुमंडलों में जाकर नशा मुक्ति का संदेश देंगे. उन्होंने कहा कि सरकार का स्पष्ट संदेश है कि समाज को नशामुक्त बनाया जाए. इसके लिए पुलिस प्रशासन लगातार प्रयासरत है. उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है. इसलिए बच्चों और युवाओं को जागरूक करना बेहद जरूरी है, ताकि वे नशे की ओर न बढ़ें. पुलिस का प्रयास है कि लोगों तक सही जानकारी पहुंचे और समाज में सकारात्मक बदलाव आए. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान सिर्फ औपचारिकता नहीं है, बल्कि इसे जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए लगातार निगरानी भी की जाएगी. स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण इलाकों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
प्रशासन का मानना है कि यदि समाज के हर वर्ग का सहयोग मिले तो नशा मुक्त गोपालगंज का सपना जरूर साकार हो सकता है. फिलहाल, पुलिस सप्ताह के दौरान चलाया जा रहा यह नशा मुक्ति जागरूकता अभियान जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है. अब देखना होगा कि इस पहल का समाज पर कितना सकारात्मक असर पड़ता है.
गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट –