Live

BIHAR NEWS

सारण शिक्षक MLC चुनाव में रामपुकार सिन्हा ने वापस लिया दावा, एनडीए प्रत्याशी आनंद पुष्कर को समर्थन देने का किया ऐलान

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना:बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में शुक्रवार को बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के बागी उम्मीदवार रामपुकार सिन्हा ने चुनाव में अपना दावा छोड़ने और एनडीए प्रत्याशी आनंद पुष्कर को समर्थन देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वह एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करेंगे और उनके लिए वोट मांगेंगे।

हालांकि,नाम वापसी की निर्धारित समय-सीमा समाप्त हो जाने के कारण चुनाव के मतपत्र पर रामपुकार सिन्हा का नाम बना रहेगा। ऐसे में उनका समर्थन देने का ऐलान चुनावी गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

शुक्रवार को पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रामपुकार सिन्हा ने अपने फैसले की जानकारी दी। इस दौरान रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह,विधायक माधव आनंद और विधायक रामेश्वर महतो भी मौजूद रहे। बताया गया कि इन्हीं विधायकों ने उन्हें निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतारा था।

इस घटनाक्रम से पहले पार्टी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के निर्देश पर रामपुकार सिन्हा को छह वर्ष के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। उनके निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने के फैसले के बाद पार्टी में मतभेद की स्थिति सामने आई थी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ने कहा कि एनडीए के शीर्ष नेतृत्व का फैसला स्वीकार है और पार्टी के नेता एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करेंगे। उन्होंने बताया कि रामपुकार सिन्हा शिक्षक की नौकरी छोड़कर चुनाव की तैयारी कर रहे थे,इसलिए उनका समर्थन किया गया था।

वहीं,विधायक माधव आनंद ने पार्टी में किसी तरह की टूट से इनकार किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता और विधायक एनडीए के साथ थे,हैं और रहेंगे। अब चुनाव में आनंद पुष्कर के समर्थन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें