BIHAR NEWS
पटना स्नातक सीट पर अनंत सिंह की चुनौती के बीच नीरज सिंह का नामांकन, 3N के संयोग से मुकाबला जानदार होने का दावा
बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सियासी मुकाबला लगातार दिलचस्प होता जा रहा है। सोमवार को जदयू प्रत्याशी नीरज सिंह ने पटना स्नातक सीट से नामांकन किया। उनके सामने मुख्य मुकाबला जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह से माना जा रहा है। खास बात यह है कि मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह खुलकर अनुज सिंह के समर्थन में सामने आए हैं।नामांकन से पहले नीरज कुमार ने चुनावी तैयारी को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जदयू के कार्यकर्ता चुनाव के लिए खुद तैयार रहते हैं और पूरी ताकत से मैदान में उतरते हैं। नीरज ने अपने बयान में ‘3N’ के संयोग का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार, निशांत कुमार और संयोग से उनका नाम भी ‘N’ से शुरू होता है। नीरज ने कहा कि जब नीतीश कुमार का आशीर्वाद और निशांत कुमार का प्रचार शुरू हो गया है, तो मुकाबला शानदार और जानदार होगा।
दूसरी ओर, अनंत सिंह ने नीरज सिंह के खिलाफ खुला मोर्चा खोल रखा है। अनंत सिंह का आरोप है कि नीरज सिंह ने पिछले चार चुनावों में उनके खिलाफ काम किया। उन्होंने नीरज पर उन्हें AK-47 और दुलारचंद हत्याकांड में फंसाने का भी आरोप लगाया है। इन आरोपों पर नीरज सिंह की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है, यह भी अहम होगा।अनंत सिंह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि पार्टी रहे या जाए, वह नीरज सिंह का समर्थन नहीं करेंगे और अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार करेंगे। इस घटनाक्रम के बीच जदयू नेतृत्व ने विवाद को सुलझाने की कोशिशें तेज की हैं। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को दोनों नेताओं के बीच समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। अब नामांकन के बाद पटना स्नातक सीट पर मुकाबला और राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।