Hindi News / बिहारवासियों को मिलेगा बड़ा तोहफा, दरभंगा हवाई अड्डा से शुरु होगी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें

BIHAR NEWS : बिहारवासियों को मिलेगा बड़ा तोहफा, दरभंगा हवाई अड्डा से शुरु होगी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें

Edited By:  |
bihar news

पटना:दरभंगा एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और बड़ा कदम उठाया गया है. इस संबंध में नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किन्जरापु सेजदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा की अहम मुलाकात हुई. इसमें दरभंगा एयरपोर्ट के विकास,विस्तार और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई.

मुलाकात के दौरान दरभंगा एयरपोर्ट पर निर्माणाधीन स्थायी सिविल एन्क्लेव भवन के कार्य को नवंबर माह तक पूर्ण करने का अनुरोध किया गया. इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत को लेकर भी सकारात्मक पहल करने की मांग रखी गई. मंत्री द्वारा इस दिशा में सकारात्मक आश्वासन दिया गया है और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही गई है.

गृह मंत्रालय से जुड़े विभिन्न तकनीकी और सुरक्षा संबंधी विषयों पर भी सहयोग का भरोसा प्राप्त हुआ है. दरभंगा एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था कोCISFको सौंपे जाने के लिए आभार व्यक्त किया गया,जिससे सुरक्षा मानकों को और अधिक मजबूत किया गया है.

यह एयरपोर्ट उड़ान योजना के तहत विकसित एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है. पिछले कुछ वर्षों में यहां से यात्रियों की संख्या में लगातार उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है,जिससे इसकी व्यावसायिक और रणनीतिक क्षमता स्पष्ट रूप से बढ़ी है.

भूमि अधिग्रहण और विस्तार से संबंधित प्रक्रियाएं भी तेज गति से आगे बढ़ रही हैं,जिससे भविष्य में एयरपोर्ट का ढांचा और अधिक विस्तृत एवं आधुनिक होगा.

इस पहल से मिथिला क्षेत्र,उत्तर बिहार,नेपाल सीमा से सटे इलाकों तथा आसपास के राज्यों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा. साथ ही अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत से पर्यटन,व्यापार और निवेश को नई गति मिलने की उम्मीद है,जिससे पूरे क्षेत्र का आर्थिक विकास और कनेक्टिविटी मजबूत होगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--