BIHAR NEWS : गोपालगंज में पीएम आवास योजना ग्रामीण के लाभुकों को शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने पक्के आवास की चाबी सौंपे
गोपालगंज: बिहार केगोपालगंज में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभुकों को बड़ी सौगात मिली. समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने लाभुक परिवारों को पक्के आवास की चाबी और स्वीकृति पत्र सौंपे. इस दौरान लाभुकों के चेहरे पर अपने पक्के घर की खुशी साफ दिखाई दी.

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत गोपालगंज के गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है.
समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सदर प्रखंड के 7 लाभुक परिवारों को पूर्ण आवास की चाबी अपने हाथों से सौंपी,जबकि 7 लाभुकों को आवास निर्माण के लिए स्वीकृति पत्र दिया गया.
इस दौरान 26 चिह्नित लाभुकों को शुभकामना संदेश भी दिया गया. चाबी मिलते ही लाभुक परिवारों में खुशी का माहौल देखने को मिला. उनके लिए यह चाबी सिर्फ मकान की नहीं,बल्कि सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत है.
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का उद्देश्य ऐसे परिवारों को सुरक्षित और टिकाऊ आवास उपलब्ध कराना है,जो अब तक कच्चे या असुरक्षित मकानों में रहने को मजबूर थे. पक्का घर मिलने से परिवारों को मौसम और प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा के साथ-साथ जीवन स्तर में भी सुधार होगा.
वहीं विधायक राम सेवक सिंह ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि पात्र और जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे.
गोपालगंज जिले में वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत कुल 16 हजार 773 आवास का लक्ष्य रखा गया था,जिसके विरुद्ध अब तक 13 हजार 467 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं. यानी करीब 80.7 प्रतिशत लक्ष्य हासिल हो चुका है.
जिला प्रशासन ने शेष आवासों को भी अभियान चलाकर जल्द पूरा करने का दावा किया है.
कार्यक्रम में डीएम समीर सौरभ,डीडीसी कुमार गौरव,अपर समाहर्ता राजेश्वरी पांडेय समेत कई जिला स्तरीय अधिकारी और योजना के लाभुक मौजूद रहे.
गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट-