BIHAR NEWS : कटिहार के कुर्सेला के खेरिया में कटाव-रोधी कार्य तेज, जियो पैकिंग का काम जारी, DM ने लिया जायजा
कटिहार: जिले के कुरसेला प्रखंड अंतर्गत खेरिया गांव में पिछले कई वर्षों से हो रहे नदी कटाव को रोकने के लिए कटाव-रोधी कार्य इन दिनों तेज़ी से कराया जा रहा है. खेरिया घाट पर जियो पैकिंग का काम लगातार जारी है,जिससे कटाव पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद जताई जा रही है.
जिला प्रशासन द्वारा इस कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है. अधिकारी समय-समय पर स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा ले रहे हैं और संबंधित एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे रहे हैं.
इसी क्रम में बुधवार को जिला प्रशासन की पूरी टीम खेरिया घाट पहुंची. निरीक्षण के दौरान डीएम,एसडीएम,डीडीसी,सदर एसडीओ,सीओ,बीडीओ तथा स्थानीय थानाध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने मौके पर चल रहे जियो पैकिंग कार्य का जायजा लिया और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए,ताकि आगामी मानसून से पहले कटाव पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सके.
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल कटाव के कारण उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ता था,लेकिन इस बार तेजी से हो रहे कार्य से राहत मिलने की उम्मीद जगी है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए,ताकि आने वाले मानसून में गांव को सुरक्षित रखा जा सके.
कटिहार से रितेश रंजन की रिपोर्ट--