Live

BIHAR NEWS

बिहार में 1 नवंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू, सामान्य धान 2441 और ए-ग्रेड 2461 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा

S
Srishtyलेखक

बिहार में 1 नवंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू होगी। राज्य सरकार ने किसानों से धान खरीद की तैयारी तेज कर दी है। सहकारिता विभाग की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों, पैक्स और व्यापार मंडलों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस वर्ष सामान्य धान की खरीद 2441 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी। यह पिछले वर्ष की तुलना में 72 रुपये प्रति क्विंटल अधिक है।वहीं, ए-ग्रेड धान की खरीद इस बार 2461 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। पिछले वर्ष ए-ग्रेड धान के लिए 2389 रुपये प्रति क्विंटल की दर निर्धारित थी। यानी ए-ग्रेड धान के समर्थन मूल्य में भी 72 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है।

सरकार के निर्देश के मुताबिक राज्य में धान की सरकारी खरीद 1 नवंबर से 31 मार्च तक चलेगी। खरीद प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए पैक्स और व्यापार मंडलों को पर्याप्त संख्या में जूट के बोरे और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया है।धान बेचने के लिए किसानों का कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना जरूरी होगा। जिन किसानों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, उनसे जल्द से जल्द ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पूरा करने की अपील की गई है।पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में केंद्र सरकार ने बिहार के लिए 36.85 लाख टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया था। इसके मुकाबले राज्य में 36.79 लाख टन धान की सरकारी खरीद हुई थी।

इस बार केंद्र ने बिहार के लिए 35 लाख टन का खरीद लक्ष्य निर्धारित किया है। हालांकि, राज्य सरकार ने केंद्र से इसे बढ़ाकर 50 लाख टन करने की मांग की है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने किसानों के हित में अधिक धान की सरकारी खरीद का लक्ष्य निर्धारित करने की मांग की है।सरकार की कोशिश है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और खरीद प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें