BIHAR NEWS
जेलों में कैदियों को रोजगार का मौका, बिहार की चार केंद्रीय जेलों में जल्द शुरू होंगे पेट्रोल पंप
बिहार की चार केंद्रीय जेलों में जल्द ही पेट्रोल पंप शुरू किए जाएंगे। मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, भागलपुर और बक्सर केंद्रीय जेल परिसर में पेट्रोल पंप संचालन की तैयारी की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य जेलों में बंद कैदियों को रोजगार से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अवसर उपलब्ध कराना है।प्रस्तावित व्यवस्था के तहत चारों जेलों में करीब 200 बंदियों को रोजगार देने की तैयारी है। प्रत्येक जेल से औसतन 50 बंदियों का चयन किया जाएगा। इन बंदियों को पेट्रोल पंप पर तेल भरने के साथ-साथ रखरखाव और अन्य जरूरी कार्यों की जिम्मेदारी भी सौंपी जा सकती है।काम के लिए सभी बंदियों का चयन उनके आचरण और जेल में बचे हुए सजा की अवधि जैसे मानकों के आधार पर किया जाएगा। बेहतर आचरण वाले और जिनकी सजा की अवधि कम बची है, ऐसे कैदियों को प्राथमिकता दिए जाने की तैयारी है। काम के बदले उन्हें निर्धारित नियमों के तहत पारिश्रमिक भी दिया जाएगा।
पेट्रोल पंप के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने का पूरा खर्च संबंधित पेट्रोलियम कंपनियां उठाएंगी। मुजफ्फरपुर और पूर्णिया केंद्रीय जेल के लिए इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड यानी IOCL, जबकि भागलपुर और बक्सर केंद्रीय जेल के लिए हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड यानी HPCL का चयन किया गया है।बताया जा रहा है कि इसी महीने संबंधित कंपनियों के साथ करार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पेट्रोल पंप शुरू करने की दिशा में काम तेज होगा। जेल प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से बंदियों को काम का अनुभव मिलेगा और रिहाई के बाद समाज की मुख्यधारा में लौटने में भी मदद मिलेगी
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।