Hindi News / निर्जला एकादशी पर विष्णुपद मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने...

BIHAR NEWS : निर्जला एकादशी पर विष्णुपद मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किए भगवान विष्णु के दर्शन

Edited By:  |
bihar news

गयाजी: शहर के प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर में गुरुवार को निर्जला (भीमसेनी) एकादशी के अवसर पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह से ही मंदिर परिसर और फल्गु तट पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. भक्तों ने भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति की कामना की.

वहीं मंदिर के पुजारी प्रणेश लाल गुरथा ने बताया कि ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को निर्जला या भीमसेनी एकादशी कहा जाता है. यह वर्ष में एक बार आने वाली अत्यंत महत्वपूर्ण एकादशी है. उन्होंने कहा कि जो श्रद्धालु वर्ष भर की24एकादशियों का व्रत नहीं कर पाते हैं,वे यदि श्रद्धापूर्वक निर्जला एकादशी का व्रत करते हैं तो उन्हें24एकादशियों के समान पुण्य फल प्राप्त होता है.

उन्होंने बताया कि इस दिन भगवान विष्णु को तुलसी अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना करनी चाहिए. साथ ही दान-पुण्य,ब्राह्मण सेवा एवं प्यासे लोगों को जल पिलाने का विशेष महत्व है. ऐसा करने से व्यक्ति की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख-शांति आती है.

वहीं गया के महापौर गणेश पासवान ने बताया कि निर्जला एकादशी को लेकर नगर निगम द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर पेयजल टैंकर लगाए गए हैं. फल्गु नदी तट पर स्नान के लिए विशेष व्यवस्था,शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है.

महापौर ने कहा कि कई समाजसेवी संगठनों द्वारा निःशुल्क सेवा शिविर लगाए गए हैं,जहां श्रद्धालुओं को भोजन एवं पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है. नगर निगम कर्मी और प्रशासनिक अधिकारी मेला क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना न हो.

उन्होंने कहा कि इस बार श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक दिखाई दे रही है और लाखों की संख्या में लोग दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे हैं. प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की उन्होंने सराहना करते हुए कहा कि सभी विभाग श्रद्धालुओं की सेवा में पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं.

निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर विष्णुपद मंदिर में श्रद्धा,भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला,जहां श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया.

गया से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट--