BIHAR NEWS
श्रम प्रवासन पर तीन दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी सम्पन्न, सुरक्षित और सम्मानजनक प्रवासन के लिए नीति एवं व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
पटना : बिहार सरकार के श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग तथा इंस्टीट्यूट फॉर ह्यूमन डेवलपमेंट (IHD) के संयुक्त तत्वावधान में ‘श्रम प्रवासन’ विषय पर आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी गहन विचार-विमर्श, नीतिगत प्राथमिकताओं और व्यावहारिक समाधानों पर सार्थक संवाद के साथ सम्पन्न हुई. संगोष्ठी के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से आए विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं, अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने बिहार से होने वाले श्रम प्रवासन की स्थिति, प्रवासी श्रमिकों की चुनौतियों, रोजगार के बदलते स्वरूप, सामाजिक सुरक्षा, कौशल विकास और सुरक्षित प्रवासन को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए. समापन सत्र (Valedictory Session) में विशिष्ट अतिथि के रूप में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भारत के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के सचिव डॉ. चंद्र भूषण कुमार शामिल हुए. उन्होंने विस्तृत प्रस्तुति के माध्यम से रोजगार के अवसरों, श्रमिकों की पहचान, एकीकृत डेटाबेस, रोजगार पोर्टल और कौशल विकास की आवश्यकता पर प्रकाश डाला.
डॉ. चंद्र भूषण कुमार ने कहा कि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलने चाहिए और उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन मिलना जरूरी है. इसके लिए रोजगार से संबंधित पोर्टल और डिजिटल प्लेटफॉर्म की जानकारी युवाओं तक पहुंचाई जानी चाहिए. उन्होंने MCF पोर्टल के साथ-साथ इंटरनेशनल पोर्टल की उपयोगिता पर भी चर्चा की. उन्होंने बताया कि एकीकृत पोर्टल के माध्यम से सरकारी एवं निजी क्षेत्र के रोजगार अवसरों की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जा सकती है. इससे रोजगार तलाश रहे युवाओं को अपनी योग्यता, जरूरत और पसंद के अनुसार नौकरी चुनने में सहूलियत होगी. स्थानीय स्तर पर रोजगार तलाशने की सुविधा भी युवाओं के लिए उपयोगी साबित हो सकती है, जहां वे अपने घर से निर्धारित दूरी के भीतर उपलब्ध अवसरों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे.
उन्होंने अंतरराज्यीय श्रम प्रवासन के संदर्भ में श्रमिकों की पहचान और उनके आंकड़ों के व्यवस्थित संकलन को महत्वपूर्ण बताया. उनका कहना था कि यदि श्रमिकों का डेटाबेस एकीकृत हो तथा आधार आधारित पहचान से जुड़ी व्यवस्था के माध्यम से उनकी समग्र प्रोफाइल तैयार की जा सके, तो बिहार के श्रमिक राज्य के भीतर या दूसरे राज्यों में काम कर रहे हों, उनकी स्थिति और कल्याणकारी योजनाओं तक पहुंच को बेहतर तरीके से समझा जा सकेगा. इससे यह जानकारी प्राप्त करने में मदद मिलेगी कि श्रमिक किन योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं, किन्हें लाभ मिल रहा है और किन श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना आवश्यक है. इसके साथ ही श्रमिकों के कौशल विकास, स्किलिंग एवं अपस्किलिंग पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई गई, ताकि उनकी कार्यक्षमता बढ़े और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सके.
समापन सत्र में बिहार सरकार के श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार ने संगोष्ठी के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि तीन दिनों के गहन विचार-विमर्श के बाद श्रमिकों के प्रवासन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर जो शोध, सुझाव और विचार सामने आए हैं, वे विभाग और राज्य सरकार के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे. उन्होंने कहा कि श्रमिकों का प्रवासन बिहार की सीमाओं से बाहर हो सकता है, लेकिन उनके प्रति राज्य की जिम्मेदारी समाप्त नहीं होती. सरकार प्रवासी श्रमिकों के हितों, उनकी सुरक्षा, सामाजिक संरक्षण और कल्याण के प्रति गंभीर है तथा इस जिम्मेदारी को पूरी संवेदनशीलता के साथ निभाएगी.
इससे पहले IHD के ईस्टर्न रीजनल सेंटर के निदेशक एवं संगोष्ठी समन्वयक डॉ. भीम रेड्डी ने परिचयात्मक वक्तव्य देते हुए संगोष्ठी के प्रमुख निष्कर्षों, महत्वपूर्ण सुझावों एवं उपलब्धियों को साझा किया. उन्होंने विभिन्न सत्रों में हुए विमर्श के आधार पर श्रम प्रवासन से जुड़े नीतिगत विषयों और भविष्य की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला.
संगोष्ठी के दौरान श्रमिकों के सुरक्षित, सम्मानजनक एवं उत्पादक प्रवासन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की पहुंच, रोजगार के अवसर, कौशल विकास, महिला प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा, श्रमिकों के पंजीकरण, स्रोत एवं गंतव्य राज्यों के बीच समन्वय तथा कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई. विशेषज्ञों ने प्रवासी श्रमिकों के लिए बेहतर सहायता तंत्र विकसित करने, उनके अधिकारों की रक्षा करने और प्रवासन की प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने की आवश्यकता पर बल दिया.
अंत में बिहार के श्रमायुक्त राजेश भारती ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए संगोष्ठी का समापन किया. उन्होंने कहा कि प्रवासन समस्या नहीं है, बल्कि यह आजीविका और विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम है. प्रवासन मजबूरी में नहीं, बल्कि व्यक्ति की पसंद और बेहतर अवसरों के लिए होना चाहिए. सुरक्षित प्रवासन कोई विशेष सुविधा नहीं, बल्कि श्रमिकों का अधिकार होना चाहिए. उन्होंने संगोष्ठी में भाग लेने वाले विशेषज्ञों, प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया.
तीन दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी से प्राप्त शोध, सुझाव और नीतिगत विचार बिहार में श्रम प्रवासन की व्यवस्था को बेहतर बनाने, प्रवासी श्रमिकों के अधिकारों एवं सुरक्षा को सुनिश्चित करने तथा उनके लिए प्रभावी कल्याणकारी नीतियां विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार प्रदान करेंगे. संगोष्ठी का संदेश स्पष्ट रहा कि प्रवासी श्रमिक केवल श्रमबल नहीं, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था और विकास के महत्वपूर्ण भागीदार हैं; उनके सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक संरक्षण को प्राथमिकता देना आवश्यक है.
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।