BIHAR NEWS
खाद्य सुरक्षा को लेकर बिहटा के दो खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, 2 किलो पका चिकन नष्ट; आटा, मैदा और हल्दी के नमूने संग्रहित
पटना : आम लोगों को स्वच्छ, शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई द्वारा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच एवं निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य संरक्षा अधिकारियों की टीम ने पटना के बिहटा क्षेत्र में दो खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए तथा पाई गई कमियों के संबंध में संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधारात्मक नोटिस जारी किया गया।
तिरुपति बालाजी न्यूट्रिशन प्राइवेट लिमिटेड में जांच
खाद्य संरक्षा टीम ने बिहटा-आरा रोड स्थित तिरुपति बालाजी न्यूट्रिशन प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिष्ठान पर जांच की। इस दौरान खुले आटे एवं खुले मैदा के नमूने संग्रहित किए गए। निरीक्षण के क्रम में प्रतिष्ठान में साफ-सफाई एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था नहीं पाई गई। साथ ही, कर्मचारियों के पास फेस मास्क एवं स्वास्थ्य संबंधी रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी। प्रतिष्ठान में पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट भी नहीं पाया गया तथा खाद्य उत्पादों के बैच नंबर का पता लगाने की समुचित व्यवस्था नहीं थी।
इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य संरक्षा टीम ने प्रतिष्ठान को आवश्यक सुधार करने के लिए सुधारात्मक नोटिस जारी किया।
सोन हरदेव गुजराती होटल्स प्राइवेट लिमिटेड में कार्रवाई
टीम ने बिहटा-कोईलवर रोड स्थित मेसर्स सोन हरदेव गुजराती होटल्स प्राइवेट लिमिटेड का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान असुरक्षित भंडारण एवं खाद्य सुरक्षा मानकों से संबंधित कमियां पाए जाने पर लगभग 2 किलोग्राम पके हुए चिकन को मौके पर नष्ट कराया गया। इसके अतिरिक्त हल्दी पाउडर का नमूना संग्रहित किया गया।
निरीक्षण में पेयजल की गुणवत्ता संबंधी रिपोर्ट एवं कर्मचारियों की मेडिकल रिपोर्ट उपलब्ध नहीं पाई गई। नॉनवेज खाद्य पदार्थों के भंडारण के लिए अलग डीप फ्रीजर की व्यवस्था नहीं थी। इसके अलावा व्यक्तिगत स्वच्छता, प्लेटों एवं बर्तनों की साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन में भी कमियां पाई गईं।
प्रतिष्ठान को सभी एल्युमिनियम के बर्तनों को बदलने, फाइबर की सर्विंग प्लेटों को बदलने तथा प्लेटों को अच्छी तरह धोने के बाद अनिवार्य रूप से सैनिटाइज करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, अन्य कमियों को भी निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप दूर करने को कहा गया है।
खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन पर विभाग की विशेष निगरानी
स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई आम नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है। विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता तथा निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की लगातार निगरानी की जा रही है। जांच के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
विभाग का उद्देश्य केवल अनियमितताओं पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि खाद्य कारोबारियों को निर्धारित मानकों का पालन करने के लिए जागरूक एवं प्रोत्साहित करना भी है, ताकि आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण, स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।