BIHAR NEWS : केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार, वायरल वीडियो के बाद हुई बड़ी कार्रवाई
गया जी: केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी को सोशल मीडिया पर धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेंद्र राय उर्फ सरदार को नालंदा जिले के लहरी सराय से गिरफ्तार कर लिया है.
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था,जिसमें आरोपी केंद्रीय मंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए खुलेआम हमला करने की धमकी देता दिखाई दे रहा था. वीडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले की जांच साइबर थाना की विशेष टीम को सौंपी गई.
इस संबंध में साइबर डीएसपी अब्दुर रहमान दानिश के नेतृत्व में गठित टीम ने गुरुवार देर रात नालंदा के लहरी सराय इलाके में छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गया लाया गया.
पुलिस के अनुसार आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसका किसी राजनीतिक संगठन या व्यक्ति से कोई संबंध है या नहीं.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है और हर एंगल से पड़ताल जारी है.
गया से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट--