Live

BIHAR NEWS

रोपवे नेटवर्क से बदलेगी बिहार के पर्यटन की तस्वीर, पटना-सोनपुर के बीच गंगा पर बनेगा केबल कार मार्ग

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : प्रदेश में धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन को नई ऊंचाई देने के लिए राज्य सरकार रोपवे नेटवर्क के विस्तार की व्यापक तैयारी कर रही है. राज्य के 20 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर रोपवे विकसित करने की योजना बनाई गई है. इसके तहत गया, बोधगया, जहानाबाद, रोहतास और कैमूर के पहाड़ी एवं धार्मिक स्थलों को रोपवे सुविधा से जोड़ने की दिशा में पहल की जा रही है. वहीं, राजधानी पटना से सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर तक गंगा नदी के ऊपर रोपवे बनाने की महत्वाकांक्षी योजना भी इसमें एक महत्वपूर्ण आकर्षण होगी.

पटना से सोनपुर तक गंगा के ऊपर बनेगा करीब 7 किमी का रोपवे

राजधानी पटना को सोनपुर के सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर से जोड़ने के लिए गंगा नदी के ऊपर रोपवे निर्माण की योजना बनाई गई है. प्रस्तावित रोपवे पटना के जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) क्षेत्र से सोनपुर स्थित हरिहरनाथ मंदिर तक बनाया जाना है. इसकी लंबाई करीब सात किलोमीटर होगी. परियोजना का निर्माण पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर कराने की योजना है. इसके लिए सात नवंबर को बिहार राज्य सड़क विकास निगम की ओर से प्री-फिजिबिलिटी स्टडी के लिए कंसल्टेंसी टेंडर जारी किया गया है. इस अध्ययन के माध्यम से परियोजना की तकनीकी व्यवहार्यता, संभावित मार्ग और अन्य पहलुओं का आकलन किया जाएगा. हालांकि, इसकी अंतिम लागत, स्टेशन, यात्री क्षमता और विस्तृत तकनीकी स्वरूप अभी निर्धारित होना बाकी है.

6 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर रोपवे परियोजनाओं की तैयारी

पटना-सोनपुर परियोजना के अलावा राज्य के छह प्रमुख पर्यटन स्थलों पर रोपवे निर्माण की योजनाएं भी आगे बढ़ाई जा रही है. इनमें गया की ब्रह्मयोनि पहाड़ी, बोधगया की ढुंगेश्वरी पहाड़ी, गया की प्रेतशिला पहाड़ी, जहानाबाद की वाणावर पहाड़ी, रोहतासगढ़ किला और कैमूर स्थित मां मुंडेश्वरी धाम शामिल है.

गया-बोधगया की तीन परियोजनाओं पर 35.91 करोड़ का प्रावधान

गया और बोधगया क्षेत्र में रोपवे निर्माण की तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए कुल 35.91 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की गई है. इसमें ब्रह्मयोनि पहाड़ी पर रोपवे के लिए 8.67 करोड़ रुपये, ढुंगेश्वरी पहाड़ी के लिए 16.76 करोड़ रुपये और प्रेतशिला पहाड़ी के लिए 10.48 करोड़ रुपये शामिल है. ब्रह्मयोनि पहाड़ी धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है, जबकि ढुंगेश्वरी पहाड़ी भगवान बुद्ध की तपस्थली के रूप में विश्व प्रसिद्ध है. वहीं, प्रेतशिला पहाड़ी पर पितृपक्ष के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पिंडदान के लिए पहुंचते हैं.

वाणावर, रोहतासगढ़ और मुंडेश्वरी को भी मिलेगी सुविधा

जहानाबाद की वाणावर पहाड़ी, रोहतास जिले का ऐतिहासिक रोहतासगढ़ किला और कैमूर स्थित मां मुंडेश्वरी धाम भी रोपवे विस्तार की योजना में शामिल है. मुंडेश्वरी रोपवे परियोजना के लिए 1.3094 हेक्टेयर वन भूमि के उपयोग की अंतिम स्वीकृति भी केंद्र सरकार से मिल चुकी है.

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें